‘महिला युवा संवाद-2026’ के लिए एंजल अहलावत का चयन, विकसित भारत 2047 पर रखेंगी विचार

हरियाणा विधानसभा में 31 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले 'महिला युवा संवाद-2026' के लिए एंजल अहलावत का चयन हुआ है। वह महिला-नेतृत्व वाले विकास पर विचार रखेंगी।

चंडीगढ़  : हरियाणा विधानसभा में 31 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले ‘महिला युवा संवाद-2026’ के लिए एंजल अहलावत का चयन हुआ है। राजधानी युवा संसद द्वारा हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एंजल हरियाणा सहित देशभर से चयनित युवा प्रतिभागियों के साथ लोकतंत्र, सुशासन और महिला नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगी।

चयन से पहले प्रतिभागियों को बहु-स्तरीय प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिसमें उद्देश्य विवरण (SOP) और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल थे। सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद एंजल को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चुना गया।

महिला-नेतृत्व वाले विकास पर रखेंगी पक्ष
एंजल अहलावत को कार्यक्रम में सत्तापक्ष (रूलिंग) का पोर्टफोलियो सौंपा गया है। वह “विकसित भारत-2047 के निर्माण में महिला-नेतृत्व वाले विकास की भूमिका : ज़मीनी सशक्तिकरण से नेतृत्व तक” विषय पर अपने विचार रखेंगी। अपने संबोधन में वह पानीपत से शुरू हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए महिला सशक्तिकरण, लोकतांत्रिक भागीदारी और नीति-निर्माण में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालेंगी।

छात्र नेतृत्व में भी निभा चुकी हैं अहम भूमिका
एंजल अहलावत हरियाणा पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं वर्तमान में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) नरेश कुमार अहलावत तथा वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका अहलावत की पुत्री हैं। उन्होंने कम आयु में ही यूनाइटेड किंगडम के University of Surrey में उच्च शिक्षा प्रारंभ की और छात्र नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। वह Surrey Students’ Union में Societies Chair तथा Indian National Students Association (INSA UK) में Vice President (Student Liaison Officer – South East Zone) के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।

प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि
एंजल अहलावत के चयन पर क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने खुशी व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह उपलब्धि केवल पानीपत ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। युवा नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एंजल की यह सफलता अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.