मानसिक तनाव और अवसाद से बचने के लिए छात्रों को दिए गए जरूरी टिप्स

बहल के राजकीय महिला महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित।

बहल। राजकीय महिला महाविद्यालय में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मनोविज्ञान की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गरिमा यादव ने छात्राओं को मानसिक परेशानी में परिवार, शिक्षक या विशेषज्ञ से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और आत्महत्या की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण प्रकोष्ठ तथा महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में वीरवार को कार्यक्रम हुआ।

मुख्य वक्ता डॉ. गरिमा ने मानसिक तनाव, अवसाद, नकारात्मक विचारों और भावनात्मक समस्याओं के संकेतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानी की स्थिति में सहायता लेना जरूरी है। भावनाओं को दबाने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति से बात करनी चाहिए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समय पर बातचीत, भावनात्मक सहयोग और उचित मार्गदर्शन आत्महत्या की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मदद मांगना कमजोरी नहीं बल्कि साहस की निशानी है। मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. संदीप ने विशेषज्ञ वक्ता डॉ. गरिमा यादव का स्वागत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.