मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल फिर से हुआ शुरू, एमएसपी और सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
हरियाणा सरकार ने किसानों की मांग पर 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' पोर्टल फिर खोला। 21 से 27 सितंबर तक कराएं फसल पंजीकरण।
चंडीगढ़ : हरियाणा के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने किसानों की मांग और उनकी सहूलियत को ध्यान में रखते हुए ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल को एक बार फिर से खोलने का फैसला किया है। जो किसान भाई किन्हीं कारणों से पहले अपना पंजीकरण नहीं करवा पाए थे, वे अब 21 से 27 सितंबर तक पोर्टल पर अपनी खरीफ फसलों का ब्यौरा दर्ज करा सकते हैं।
पोर्टल खुलने से किसानों को मिलेंगे ये बड़े फायदे
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार, पोर्टल पर फसल का सही विवरण दर्ज होने से किसानों को सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आसानी होती है। सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल खरीद के वक्त पंजीकृत किसानों को प्राथमिकता दी जाती है । किसानों को भावांतर भरपाई योजना, फसल बीमा और कृषि उपकरणों पर मिलने वाली सब्सिडी का सीधा लाभ मिलता है।
मौसम की मार या प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने पर मिलने वाला मुआवजा सीधे किसानों के खाते में पहुंचता है।सरकार ने सभी संबंधित किसानों से अपील की है कि वे तय समय सीमा (21 से 27 सितंबर) के भीतर नजदीकी अटल सेवा केंद्र, सीएससी (CSC) या स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण अवश्य पूरा कर लें।