मोहर्रम 2026: सीएम योगी के निर्देश, अस्त्र-शस्त्र और डीजे पर रहेगी रोक
मोहर्रम को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए कड़े निर्देश। जुलूस में अस्त्र-शस्त्र, तेज आवाज वाले डीजे और 12 फीट से ऊंची ताजियों पर रहेगी पाबंदी। जानें पूरी गाइडलाइन।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी मोहर्रम को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि यह मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं. मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परंपरा की शुरुआत तथा कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारी और एसपी मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पहले से संवाद स्थापित करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की घटना न होने पाए.
मोहर्रम में हथियार प्रदर्शन और डीजे पर रोक
पूर्व की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने निर्देश दिए कि कानफोड़ू डीजे, ढोल एवं ताशों के अनियंत्रित उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए. उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूसों में किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए. साथ ही किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए.
10-12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10-12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति न दी जाए. उन्होंने कहा कि सभी की आस्था का सम्मान किया जाए, लेकिन नई परंपरा का सृजन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा. बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
मोहर्रम इस्लामिक कैलेंडर का पहला महीना
मोहर्रम इस्लामिक कैलेंडर का पहला महीना होता है. पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की शहादत के लिए ये महीना जाना जाता है. इसे गम का महीना भी कहा जाता है. इसमें खुशिया नहीं मनाई जाती. इस महीने के पहले दिन से इस्लामिक नए साल की शुरुआत होती है. मोहर्रम इस्लामिक कैलेंडर के चार पाक महीनों में से एक है.