यमुनानगर: मानसून से पहले सोम और यमुना नदी के तट मजबूत, ₹40 करोड़ का बजट

यमुनानगर में बाढ़ रोकने के लिए सिंचाई विभाग अलर्ट। ₹40 करोड़ की लागत से सोम और यमुना नदी के तटों को किया जा रहा पक्का। 15 जून तक काम पूरा करने की डेडलाइन।

यमुनानगर  : यमुनानगर में मानसून सीजन को देखते हुए सिंचाई विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पिछले साल आई बाढ़ और भारी जलभराव से हुए नुकसान के बाद इस बार विभाग ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। यमुनानगर में यमुना, पथराला और सोम नदी के किनारों को मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से नदी तटों को पक्का किया जा रहा है ताकि बरसात के दौरान कटाव और बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। सबसे ज्यादा फोकस तिहानो गांव के पास सोम नदी के तट पर किया जा रहा है। यहां पत्थरों से तट को मजबूत बनाया जा रहा है।

PunjabKesari

विभाग का कहना है कि पिछले साल मानसून के दौरान सोम नदी में पानी बढ़ने से तिहानो गांव की करीब 80 प्रतिशत फसल बर्बाद हो गई थी। खेतों में कई दिनों तक पानी भरा रहा, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इतना ही नहीं, तिहानो गांव समेत दर्जनों गांव जलमग्न हो गए थे। लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया था और गांवों का संपर्क भी प्रभावित हुआ था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन और सिंचाई विभाग कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।

PunjabKesari

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सभी कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं और 15 जून तक काम पूरा करने की डेडलाइन तय की गई है। विभाग का दावा है कि तय समय पर काम पूरा होने के बाद इस बार मानसून में बाढ़ और कटाव के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। फिलहाल प्रशासन की नजर लगातार नदी क्षेत्रों पर बनी हुई है और मशीनों के जरिए दिन-रात काम जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.