यमुनानगर में घर के अंदर खून से लथपथ मिली 56 वर्षीय महिला की लाश, सिर पर मिले गहरे घाव

यमुनानगर की खड्डा कॉलोनी में 56 वर्षीय पुष्पा देवी का खून से लथपथ शव मिला। सिर पर चोट के निशान। पुलिस जांच में जुटी।

यमुनानगर: यमुनानगर के शिवनगर-खड्डा कॉलोनी कैंप क्षेत्र में देर रात 56 वर्षीय महिला शव मिला है. महिला का घर के अंदर खून से लथपथ हालत में शव मिला. शव मिलने की सूचना के बद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान पुष्पा देवी पत्नी श्रवण कुमार के तौर पर हुई है. महिला के सिर पर गहरे चोट के निशान हैं.

घर पहुंचते ही बेटे के पैरों तले खिसकी जमीन: स्थानीय लोगों की मानें तो पुष्पा देवी अपने छोटे बेटे दीपक के साथ रहती थीं. उनके दो बेटे और एक बेटी हैं. बड़ा बेटा और बेटी शादीशुदा हैं तथा अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं. छोटा बेटा दीपक अविवाहित है और यमुनानगर की एक स्टार्च मिल में काम करता है. दीपक रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद रात करीब आठ बजे अपने घर पहुंचा. लेकिन घर के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. उसकी मां पुष्पा देवी फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थीं. उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और वह अचेत अवस्था में थीं. दीपक ने तुरंत अपनी बहन पूजा रानी को फोन कर घटना की जानकारी दी. साथ ही आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही फरकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची.

“भाई के फोन से मिली वारदात की जानकारी”: मृतका की बेटी पूजा के अनुसार उसे उसके भाई दीपक का फोन आया था. दीपक ने बताया कि मां के सिर पर चोट लगी है और वह बेहोश पड़ी हैं. सूचना मिलते ही पूजा अपने जेठ के साथ अपनी मां के घर पहुंची. वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि पुष्पा देवी के सिर पर किसी ने गंभीर चोट मारी थी और उनकी मौत हो चुकी थी. पूजा ने बताया कि उसने अभी अपनी मां को नहीं देखा था, लेकिन परिवार को पुलिस कार्रवाई और घटना की जानकारी मिल चुकी थी.

मौके पर पहुंची पुलिस: इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल भी मौके पर पहुंचे. एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतका के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा की टीमों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा: पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत की वजह और चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है. मामले में फर्कपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सुरजीत सिंह ने कहा कि, ” मुझे सूचना मिली थी कि एक महिला पुष्पा देवी का शव मिला है. सूचना पाकर हम मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान हें. मामले की गहनता से जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है. इसके अलावा मृतका के मोबाइल फोन और परिवार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सकती है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.