यूपी चुनाव 2027 से पहले भाजपा की सीट शेयरिंग कवायद तेज: नितिन नबीन से मिलीं अनुप्रिया पटेल, सहयोगी दलों में मंथन
2027 यूपी चुनाव से पहले भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ सीट शेयरिंग तेज की। नितिन नबीन से मिलीं अनुप्रिया पटेल व अन्य नेताओं की बैठकें जारी।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ सीट शेयरिंग को लेकर मंथन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में अपना दल के नेता ने शनिवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान यूपी की आगामी राजनीतिक रणनीति और सामाजिक-जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में सीटों को लेकर चर्चा हुई होगी।
🤝 सहयोगी नेताओं के साथ बैठकों का दौर जारी
इससे पहले डिप्टी CM बृजेश पाठक ने अपने आवास पर अपना दल (S) के नेता और योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल से मुलाकात की थी। वहीं, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद भी हाल के दिनों में अमित शाह समेत कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं।
🏛️ नितिन नबीन से मिलीं अनुप्रिया पटेल
अनुप्रिया पटेल ने सोशल मीडिया X पर लिखा, “आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश से जुड़ी आगामी राजनीतिक रणनीतियों एवं सामाजिक और जनहित से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर लंबी और सार्थक चर्चा हुई।”
भाजपा 2027 के चुनाव को देखते हुए अपने सहयोगी दलों के साथ सीटों का गणित जल्द तय करना चाहती है। सहयोगी भी यही चाहते हैं कि सीटों का बंटवारा जल्दी हो जाए जिससे उम्मीदवारों का चयन करने में आसानी हो। इसी रणनीति के तहत गठबंधन के नेताओं के साथ मुलाकातों का सिलसिला तेज हुआ है।
📋 बातचीत के लिए पार्टी ने नेताओं को सौंपी है जिम्मेदारी
बता दें कि BJP के केंद्रीय नेतृत्व ने वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग सहयोगी दलों से बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी है। तय रणनीति के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के साथ सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे। वहीं, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक को अपना दल (S) से बातचीत की जिम्मेदारी दी गई है।
BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी निषाद पार्टी के साथ सीटों को लेकर चर्चा करेंगे, जबकि डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेताओं से बातचीत करेंगे। इस तरह BJP ने यूपी में अपने सभी प्रमुख सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के लिए जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।