राजस्थान भवन में धूमधाम से मना हरियाली तीज महोत्सव, मंत्री श्रुति चौधरी हुईं शामिल
सेक्टर-33 राजस्थान भवन में हरियाली तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि मंत्री श्रुति चौधरी ने शिरकत की।
चंडीगढ़: राजस्थान परिषद चंडीगढ़ की ओर से रविवार को सेक्टर-33 स्थित राजस्थान भवन में हरियाली तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक जीवनशैली की रंगीन झलक देखने को मिली. हरियाणा सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं.
लोकगीतों ने बांधा समां: महोत्सव में राजस्थानी लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया. पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में पहुंचीं महिलाओं ने तीज से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. राजस्थान समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी भी आयोजन का हिस्सा बने.
परंपराओं से जुड़ने का संदेश: इस दौरान मुख्य अतिथि मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि, “तीज जैसे त्योहार केवल उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारी संस्कृति, परंपराओं और परिवार से जुड़े मूल्यों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं. राजस्थान परिषद की ओर से लोक संस्कृति को जीवंत रखने का ये प्रयास सराहनीय है. ऐसे कार्यक्रम खास तौर पर नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बनते हैं.”
सांस्कृतिक विरासत का उत्सव: मंत्री श्रुति चौधरी ने लोक संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने को सभी की जिम्मेदारी बताया. कार्यक्रम में राजस्थान परिषद के अध्यक्ष राज किशोर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. महोत्सव ने चंडीगढ़ में बसे राजस्थान समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर दिया. तीज के पारंपरिक रंग, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहीं. कार्यक्रम के जरिए राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं को सहेजने और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया.