लखनऊ: सगाई के 4 दिन बाद शिवानी की बेरहम हत्या; प्रेमी ने ईंट से कुचला सिर
लखनऊ पुलिस ने सुलझाई शिवानी सिंह की हत्या की गुत्थी। सगाई के 4 दिन बाद बॉयफ्रेंड ने शक में की हत्या। रबर पाइप से गला घोंटा और ईंट से सिर कुचला। आरोपी गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने शिवानी सिंह की हत्या की गुत्थी सुलझा दी है. पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. सगाई के महज चार दिन बाद हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पुलिस जांच में सामने आया कि शिवानी की हत्या उसके 7 साल पुराने बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी ने जलन और शक के चलते की थी. आरोपी ने पहले गला घोंटा और फिर सीमेंट की ईंट से सिर कुचकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक, शिवानी सिंह 17 मई की दोपहर करीब 1 बजे घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. अगले दिन परिजन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. इसी बीच सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के जंगल में झाड़ियों के बीच एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तस्वीर परिजनों को दिखाई, जिसके बाद मां गीता ने अपनी बेटी शिवानी के रूप में पहचान की.
आरोपी प्रेमी ने जुर्म कबूला
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी प्रेम कुमार मांझी तक पहुंच बनाई. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. प्रेम कुमार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला है और लखनऊ के एल्डिको कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था. वह डिलीवरी बॉय का काम करता था.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शिवानी के साथ पिछले कई वर्षों से रिश्ते में था. लेकिन पिछले कुछ महीनों से शिवानी अपने ऑफिस के सहकर्मी मनीष के करीब आने लगी थी. दोनों की तस्वीरें और बातचीत देखकर प्रेम कुमार के मन में शक और जलन बढ़ने लगी. इसी गुस्से में उसने हत्या की साजिश रची.
रबर पाइप से प्रेमिका का गला घोंटा
रविवार रात वह शिवानी को बाइक पर बैठाकर आवास विकास योजना क्षेत्र के पास जंगल में ले गया. वहां उसने वाटर लेवलिंग में इस्तेमाल होने वाले रबर पाइप से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए पास पड़ी सीमेंट की ईंट से उसका सिर कुचल दिया. वारदात के बाद उसने शिवानी का मोबाइल तेलीबाग नहर में फेंक दिया.
शिवानी अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ एल्डिको उद्यान इलाके में रहती थी. परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है. मां घरों में काम करती हैं, जबकि पिता शटरिंग मजदूर हैं. शिवानी नौकरी कर परिवार का सहारा बन रही थी. 14 मई को उसकी प्रकाश नाम के युवक से सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं.
घरवालों के मुताबिक, सगाई को लेकर प्रेम कुमार को कोई आपत्ति नहीं थी. उसने वारदात को इसलिए अंजाम दिया, क्योंकि उसे शक हो रहा था कि उनकी बेटी ऑफिस के कर्मचारी के साथ घूमती है.डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया था. हत्या में इस्तेमाल की गई सीमेंट की ईंट बरामद कर ली गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.