वर्षा खांगवाल बनीं झज्जर की नई उपायुक्त, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में दी गई विदाई

हरियाणा PR विभाग की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खांगवाल को झज्जर का नया DC नियुक्त किया गया है। महानिदेशक केएम पांडुरंग की मौजूदगी में दी गई भावभीनी विदाई।

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल के झज्जर के उपायुक्त पद पर नियुक्त होने के उपरांत आज विभाग की ओर से उनके सम्मान में एक गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वर्षा खांगवाल के कार्यकाल को याद करते हुए उनके प्रशासनिक कौशल, कार्य के प्रति समर्पण तथा सरल व्यवहार की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विभाग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा सदैव जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य किया।

वर्षा खांगवाल लंबे समय तक सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करती रही हैं। उनकी गिनती ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं कर्मठ अधिकारियों में की जाती है। प्रशासनिक कार्यों में उनकी दक्षता और अनुशासित कार्यशैली के कारण उन्होंने विभाग में एक विशेष पहचान बनाई।

इससे पूर्व भी वे पंचकूला में एडीसी सहित विभिन्न जिलों में कई अहम प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। विभाग के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि झज्जर की उपायुक्त के रूप में भी श्रीमती वर्षा खांगवाल अपनी कार्यकुशलता और सकारात्मक नेतृत्व से प्रशासन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.