वाराणसी: बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला नर्सिंग छात्रा का शव, मचा हड़कंप
वाराणसी के सारनाथ में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला। परिजनों में कोहराम, पुलिस कर रही हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सारनाथ में एक नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत मामले ने हिलाकर रख दिया है. बुधवार को 19 साल के छात्रा का शव एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार छात्रा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाया था. उसके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
मृतका जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और सारनाथ क्षेत्र स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी. बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ सारनाथ थाना परिसर में बने आवासीय क्षेत्र में रहती थी.
हॉस्टल की सीढ़ियों पर पड़ी थी लाश
छात्रा बुधवार को घर से खाना बनाकर टिफिन में पैक कर बॉयज हॉस्टल पहुंची थी. वह करीब दो घंटे तक हॉस्टल परिसर में मौजूद रही. इसी दौरान हॉस्टल में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. बिजली ठीक करने के लिए पहुंचे एक इलेक्ट्रीशियन की नजर हॉस्टल की सीढ़ियों पर पड़ी छात्रा पर गई.
इलेक्ट्रीशियन ने देखा कि छात्रा का शव सीढ़ियों पर पड़ा हुआ है. उसने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया. मौके पर पहुंचे गार्ड और अन्य लोगों ने देखा कि छात्रा की हालत गंभीर थी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. हॉस्टल के गार्ड ने पुलिस को बताया कि छात्रा पिछले दो दिनों से हॉस्टल के आसपास आती-जाती दिखाई दे रही थी. गार्ड के अनुसार वर्तमान में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं, जिसके कारण हॉस्टल लगभग खाली पड़ा हुआ है. सूत्रों का कहना है कि छात्रा घटना से पहले हॉस्टल की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक कमरे में गई थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस सुसाइड और मर्डर के एंगल से जांच कर रही है.
क्या बोले अधिकारी?
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है ताकि जांच में किसी तरह की कमी न रहे.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और छात्रा की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है. वहीं, घटनास्थल से छात्रा का मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और भी उलझ गई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.