विश्व वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: हरियाणा के संदीप कड़वासरा का हुआ चयन
ग्रीस के एथेंस में होने वाली विश्व मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हरियाणा के संदीप कड़वासरा का चयन। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने किया सम्मानित।
लोहारू। ग्रीस की राजधानी एथेंस में 16 से 17 सितंबर तक आयोजित होने वाली विश्व मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हरियाणा के अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर संदीप कुमार कड़वासरा और ब्रह्मजीत का चयन हुआ है। गांव झांझड़ा श्योराण निवासी संदीप कुमार कड़वासरा 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय टीम में कुल चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने एथेंस में आयोजित होने वाली विश्व मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के पोस्टर का अनावरण करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं देशों के बीच मित्रता, भाईचारे और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं तथा भारतीय खिलाड़ी विश्व स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
विश्व मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें झांझड़ा श्योराण निवासी संदीप कुमार कड़वासरा, महम निवासी ब्रह्मजीत, मध्य प्रदेश के मोहन पाराशर तथा केरल के मिथुन शामिल हैं। भारतीय मास्टर वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के सचिव उदय शेट्टी के नेतृत्व में भारतीय दल एथेंस के लिए रवाना होगा।
हरियाणा मास्टर वेटलिफ्टिंग के अध्यक्ष महेश श्योराण ने बताया कि संदीप कुमार कड़वासरा की इस उपलब्धि से गांव झांझड़ा श्योराण में खुशी और गर्व का माहौल है।