वृंदावन में साधक की मौत के मामले में पुलिस की पूछताछ जारी, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस जांच जारी। फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार।

उत्तर प्रदेश के वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है. आश्रम के कमरे से प्राइवेट पार्ट कटा मिलने और मौके से ग्राइंडर बरामद होने के मामले में पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. प्राइवेट पार्ट कटे मिलने के सवाल पर सीओ वृंदावन संदीप कुमार ने कहा कि जांच के दौरान कुछ तथ्य प्रकाश में आए हैं.

सीओ वृंदावन ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. वहीं, रसिक दुलारी शरण के ड्रग्स लेने की बात सामने आने के सवाल पर सीओ ने स्पष्ट किया कि मृतक का ब्लड सैंपल सुरक्षित किया गया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस कर रही है मामले में पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज में साधक के छत से नीचे गिरने की बात सामने आई है. पोस्टमार्टम में अत्यधिक रक्तस्राव को मृत्यु का मुख्य कारण बताया गया है. मौके से बरामद ग्राइंडर को फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में लिया है. पुलिस आश्रम के प्रबंधकों, जिम्मेदार लोगों और मृतक के साथ रहने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है.

मृतक के भाई मनीष ने की है मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

मृतक के भाई मनीष ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, ब्लड सैंपल की जांच और पूछताछ के बाद ही मौत से जुड़े तमाम सवालों की तस्वीर साफ होगी. बता दें कि रसिक दुलारी की मौत शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे वृंदावन के वाराहघाट स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम की चार मंजिला इमारत से गिरने से हुई. परिजनों ने उनके शव का अंतिम संस्कार वृंदावन में ही किया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.