शिवाजी तिवारी, सुयश और शिवेंद्र की हत्या के बाद भारी पुलिस बल तैनात, बुलडोजर कार्रवाई की मांग

लखनऊ के सआदतगंज में मामूली विवाद में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने थाना प्रभारी समेत 2 को सस्पेंड किया और मुख्य आरोपी ऋषभ गिरफ्तार हुआ।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके के ब्राह्मणी मोहल्ले में सोमवार दोपहर ट्रिपल मर्डर की दुस्साहसिक वारदात से हड़कंप मच गया। यहां कार पार्किंग और बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनाने के मामूली विवाद को लेकर शिवाजी तिवारी (62), उनके बेटे सुयश (30) और भाई शिवेंद्र (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ और उसकी तीन बहनों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से आलाकत्ल पिस्टल और 4 खाली खोखे भी बरामद कर लिए हैं।

👮 लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा का सख्त एक्शन: थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज निलंबित, इलाके में बुलडोजर चलाने की मांग

मामले में पुलिसिया लापरवाही सामने आने के बाद लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सआदतगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (SHO) संतोष आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक (SI) अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों शव मोहल्ले में पहुंचे तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में मातम व तनाव का माहौल बन गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने तथा कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.