शेरकोट में पटाखा फैक्ट्री के कचरे में धमाका, हादसे में दो किशोर गंभीर रूप से घायल

बिजनौर के शेरकोट में अवैध पटाखों के कचरे में विस्फोट से दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलसे। पुलिस जांच और कार्रवाई जारी।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. शेरकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत वाजिदपुर गांव में एक बंद पड़े ईंट-भट्ठे के पास अवैध रूप से फेंके गए आतिशबाजी (पटाखे) के कचरे में अचानक भीषण विस्फोट हो गया. इस धमाके की चपेट में आने से बकरियों के लिए चारा (घास) लेने जा रहे दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों किशोरों की अत्यंत नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वाजिदपुर गांव निवासी चंद्रवीर सिंह के दो बेटे, रोहित (16 वर्ष) और रोहन (12 वर्ष) रविवार शाम करीब 5:30 बजे साइकिल से बकरियों के लिए घास काटने जंगल की तरफ जा रहे थे. रास्ते में जब वे एक पुराने और बंद पड़े ईंट-भट्ठे के पास पहुंचे, तभी वहां पड़े आतिशबाजी के वेस्ट मटेरियल (कचरे) में अचानक भीषण धमाका हो गया. धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका दहल उठा.

लहूलुहान हालत में मिले बच्चे, अस्पताल में अफरा-तफरी

धमाके की आवाज सुनते ही पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. वहां दोनों भाई गंभीर रूप से झुलसी और लहूलुहान हालत में तड़प रहे थे. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया. बच्चों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बिजनौर जिला अस्पताल और फिर वहां से मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया.

पुलिस कार्रवाई के डर से कचरा फेंकने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम धामपुर नितिन कुमार, सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी और शेरकोट थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड और फॉरेंसिक फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. घटनास्थल से महज 300 से 400 मीटर की दूरी पर एक पटाखा फैक्ट्री स्थित है.

ASP पूर्वी ए. के. श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाल ही में जिले में पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ चलाए गए चेकिंग अभियान के डर से फैक्ट्री का वेस्ट मटेरियल इस भट्ठे के पास अवैध रूप से छिपाया गया था. वहीं, डीएम जसजीत कौर ने बताया कि संबंधित पटाखा फैक्ट्री के लाइसेंस और स्टॉक की गहन जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.