शॉर्ट सर्किट के कारण जलकर खाक हुई लाखों की गाड़ी, दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू

करनाल में मेरठ रोड पर चलती स्कॉर्पियो कार में लगी भीषण आग। चालक ने कूदकर बचाई जान, शॉर्ट सर्किट से हादसा।

करनालः मेरठ रोड पर कचरा प्लांट के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क पर दौड़ती एक स्कॉर्पियो में अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में पूरी स्कॉर्पियो धू-धू कर जलने लगी. गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया.

पिंडौरा से करनाल आते समय हादसा: गाड़ी उत्तर प्रदेश के शामली जिले की है. कार मालिक अजय कुमार स्कॉर्पियो लेकर पिंडौरा से करनाल की तरफ आ रहे थे. जैसे ही वह कचरा प्लांट के पास पहुंचे, गाड़ी के अंदर से अचानक धुआं उठने लगा. कुछ समझ पाते, उससे पहले ही धुआं बढ़ता चला गया. अजय कुमार ने बिना समय गंवाए गाड़ी को सड़क के किनारे लगाया और तुरंत नीचे उतर गए.

डैशबोर्ड में लगी आग ने बढ़ाई मुश्किल: गाड़ी से बाहर निकलने के बाद जब उन्होंने कंडक्टर साइड जाकर देखा तो वहां आग लगी हुई थी. अजय कुमार ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग डैशबोर्ड के अंदर तक पहुंच चुकी थी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से गाड़ी के दूसरे हिस्सों में फैल गई.

चंद मिनटों में राख हो गई लाखों की गाड़ी: कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये कीमत की स्कॉर्पियो आग की लपटों में घिर गई. सड़क पर मौजूद लोग भी इस नजारे को देखकर सहम गए. आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन को बचाने का कोई मौका नहीं मिला और पूरी गाड़ी जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा: हादसे की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा: एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि “पुलिस को स्कॉर्पियो में आग लगने की सूचना मिली थी. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.”

समय रहते बाहर निकलकर बचाई जान: अजय कुमार के लिए यह हादसा बड़ा नुकसान जरूर छोड़ गया, लेकिन उनकी समय रहते दिखाई गई सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया. अगर वह धुआं उठते ही गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर बाहर नहीं निकलते, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी. समय रहते वाहन से बाहर निकलने के कारण उनकी जान सुरक्षित बच गई.

सड़क पर नहीं लगा बड़ा जाम: वहीं, चालक द्वारा गाड़ी को सड़क के किनारे खड़ा कर देने से हाईवे पर भी किसी बड़े जाम की स्थिति नहीं बनी. फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.