सहारनपुर में घर में घुसकर युवक की पिटाई और चोटी काटी, फसल नष्ट करने का आरोप

सहारनपुर के कमालपुर गांव में युवक से मारपीट, चोटी काटने और फसल नष्ट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SSP दफ्तर पर प्रदर्शन किया गया।

सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में एक व्यक्ति के साथ मारपीट और उसकी चोटी काटकर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का मामला सामने आया है. पीड़ित सुशील शर्मा ने पांच लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़ित का यह भी आरोप है कि अगले दिन ट्रैक्टर से उसकी भिंडी और अन्य सब्जियों की फसल नष्ट कर दी गई, जिससे करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ. मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ब्राह्मण समाज के लोग SSP कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

घर में घुसकर मारपीट और चोटी काटने का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, 29 जुलाई की रात वह सुमित्रा देवी के घर सब्जी की फसल का हिसाब करने गया था. आरोप है कि इसी दौरान नरेश, विजयपाल, लविश, बाबूराम और अंशुल डंडे लेकर वहां पहुंच गए. पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की. इसके बाद उसे चोटी काटने की धमकी दी गई. सुशील शर्मा का आरोप है कि अंशुल ट्रिमर लेकर आया और सभी लोगों ने मिलकर उसकी चोटी काट दी. इसके बाद उसे घर से बाहर लाकर लोगों के सामने अपमानित किया गया. पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

फसल नष्ट करने से 50 हजार के नुकसान का दावा

पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के अगले दिन आरोपियों ने ट्रैक्टर-हैरो से उसके खेत में खड़ी भिंडी और अन्य सब्जियों की फसल नष्ट कर दी. इससे करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ. सुशील शर्मा के मुताबिक, जब उसने फसल खराब करने का कारण पूछा तो उसके साथ फिर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई.

मामले को लेकर ब्राह्मण समाज के लोग SSP कार्यालय पहुंचे. समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की. ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर हर्ष वर्धन शर्मा समेत समाज के लोगों ने कहा कि किसी व्यक्ति को इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमानित करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

समाज के लोगों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सरकार और प्रशासन पर ब्राह्मण समाज की शिकायतों की अनदेखी करने के आरोप भी लगाए.

पीड़ित बोला- फसल के पैसे मांगने गया था

पीड़ित सुशील शर्मा ने बताया कि वह अपनी भिंडी की फसल के पैसे लेने के लिए गया था. उसके मुताबिक, करीब 50 हजार रुपए का भुगतान किया जाना था, लेकिन वहां विवाद शुरू हो गया. पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उस पर गलत आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किया गया. उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

वायरल वीडियो को लेकर अलग दावा भी सामने आया

वहीं, इस पूरे मामले से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर दूसरा पक्ष भी सामने आया है. इसमें दावा किया जा रहा है कि सुशील शर्मा रात में कमालपुर गांव में एक लड़की से मिलने पहुंचा था, जहां ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करने के बाद उसके बाल काट दिए. हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.