सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मांग, कम बारिश से प्रभावित जिलों को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया जाए मुआवजा

चरखी दादरी में दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा सरकार से किसानों को मुआवजा देने की मांग की और मतदान आंकड़ों में बदलाव पर सवाल उठाए।

चरखी दादरी: चरखी दादरी के झोझू कलां में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि, “भिवानी, चरखी दादरी समेत कई जिलों में इस बार कम बारिश से किसानों को नुकसान हुआ है. हरियाणा सरकार को प्रभावित जिलों को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों के खातों में तुरंत मुआवजा राशि डालनी चाहिए.”

किसानों के नुकसान का किया जिक्र: दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि, “महाराष्ट्र समेत कुछ राज्यों में सूखे की स्थिति को देखते हुए किसानों के लिए राहत की घोषणाएं की गई हैं. हरियाणा में भी इसी तरह प्रभावित किसानों की मदद की जानी चाहिए. बारिश की कमी का असर फसलों पर पड़ा है और सरकार को बिना देरी किए नुकसान का आकलन कर राहत देनी चाहिए.”

मतदान प्रतिशत में बदलाव पर उठाए सवाल: हुड्डा ने 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतदान आंकड़ों में हुए बदलाव का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि, “पहले 61 प्रतिशत मतदान बताया गया और बाद में यह बढ़कर 68 प्रतिशत के करीब पहुंच गया. इस मामले में चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए.”

अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग: दीपेंद्र हुड्डा ने मतदान आंकड़ों में बदलाव को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि, “इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई हो. कांग्रेस इस मुद्दे को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी.”

नूंह रैली को लेकर अभय चौटाला पर हमला: INLD नेता अभय चौटाला की नूंह रैली को लेकर भी हुड्डा ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, “अभय चौटाला नूंह में वोट काटने के लिए खट्टर साहब के इशारे पर रैली कर रहे हैं. अगर अभय चौटाला को रैली करनी है तो पहले मनोहर लाल खट्टर से इजाजत लेकर अपने गृह क्षेत्र ऐलनाबाद में रैली करें. नूंह की तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के विधायक हैं और इसलिए वहां रैली के राजनीतिक मकसद पर सवाल उठते हैं.”

कांग्रेस में गुटबाजी से किया इनकार: पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने इसे खारिज किया. उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर लगातार मैदान में हैं.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.