सामान्य प्रसव के डेढ़ घंटे बाद महिला की मौत से मचा कोहराम, अस्पताल प्रशासन पर उठे सवाल

सोनीपत नागरिक अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत। परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश।

सोनीपतः नागरिक अस्पताल सोनीपत में प्रसव के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है. प्रसव के महज डेढ़ घंटे बाद महिला की मौत से परिजनों में काफी आक्रोश है. परिजनों ने बताया कि प्रसव सामान्य हुआ था. डिलीवरी के बाद रीना की हालत भी ठीक थी. परिवार में बेटे के जन्म की खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही समय बाद अचानक रीना की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई.

‘प्रसव के बाद रीना बिल्कुल ठीक थी, फिर अचानक मौत कैसे’: महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि “प्रसव के बाद रीना बिल्कुल ठीक थी. अचानक उसकी तबीयत कैसे बिगड़ी, इसे लेकर परिवार ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों की ओर से इलाज में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण रीना की जान चली गई.”

‘जांच में दोषी पाए गए तो होगी कार्रवाई’: सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

अस्पताल प्रशासन कर रही है जांचः नागरिक अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले को लेकर जानकारी दी गई है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलंकृता ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि “प्रसव के बाद महिला को लेटे हुए दूध और चाय दी गई थी, जिसके बाद उसे परेशानी हुई. चिकित्सकों की ओर से महिला का पूरा इलाज किया गया था. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं. जांच में यदि किसी चिकित्सक या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.