सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता पर राजेश नरवाल का बयान, कहा- ऐसे आतंकियों के खिलाफ जारी रहे कार्रवाई
कश्मीर के बडगाम में मुठभेड़ के दौरान मारे गए लश्कर आतंकी हाशिम मूसा पर करनाल के शहीद विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने सुरक्षाबलों को बधाई दी है।
करनाल: कश्मीर के बडगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा मारा गया. मूसा पाकिस्तान सेना के ‘विशेष सेवा समूह’ (SSG) का रिटायर्ड हवलदार था. इसके अलावा वो पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के सुरक्षा काफिले में तैनात रहा था. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मूसा को मंगलवार देर रात कोराग, यूसमर्ग के ऊंचाई वाले इलाकों में सेना व अन्य सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त अभियान में मार गिराया.
हाशिम मूसा की मौत पर शहीद के पिता की प्रतिक्रिया: हाशिम मूसा कई आतंकवादी हमलों में शामिल था. विशेषकर पिछले तीन साल में, जिसमें सैन्यकर्मियों और असैन्य ठिकानों दोनों को ही घात लगाकर निशाना बनाया गया. हाशिम मूसा के मारे जाने के बाद करनाल में शहीद विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने सुरक्षाबलों को बधाई दी. मूसा को अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के प्रमुख संदिग्धों में शामिल बताया गया है.
ये सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता- राजेश नरवाल: राजेश नरवाल ने कहा कि ये सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता है. उन्होंने ऑपरेशन में शामिल सेना के जवानों और अन्य सुरक्षाकर्मियों को सलाम करते हुए उनका धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में जिस आतंकी की भूमिका बताई जा रही थी, उसके खिलाफ की गई कार्रवाई महत्वपूर्ण है.
आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई होती रहनी चाहिए: उन्होंने कहा कि इस तरह के आतंकियों और हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सुरक्षा बलों को कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि देश में शांति और सुरक्षा कायम रह सके. उन्होंने ऑपरेशन में शामिल जवानों के प्रति आभार जताया और कहा कि देश की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों का योगदान सराहनीय है.