सेक्टर-56 मार्केट की पार्किंग में थार से खतरनाक ड्रिफ्टिंग, खिड़की पर लटका दिखा युवक, वीडियो वायरल

गुड़गांव के सेक्टर-56 मार्केट की पार्किंग में थार से खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल। लोगों ने गाड़ियां बाहर निकालीं, पुलिस जांच में जुटी।

गुड़गांव : गुड़गांव पुलिस भले ही स्टंट करने वालों पर लगाम कसने का दावा करती हो, लेकिन आए दिन स्टंटबाजी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 15 अगस्त को जहां द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी करते थार और स्कॉर्पियो सवार नजर आए तो अब ताजा मामला सेक्टर-56 मार्केट से सामने आया है जहां एक थार सवार युवक मार्केट की पार्किंग में अपनी थार गाड़ी से ड्रिफ्ट मारते दिखाई दिया। इस दौरान एक अन्य युवक गाड़ी की खिड़की पर लटका भी दिखाई दिया।

 

यहां लोगों ने जब इस थार सवार की वीडियो बनानी शुरू की तो इन युवकों के हौंसले और बढ़ गए और इन्होंने अपनी स्टंटबाजी को और अधिक बढ़ा दिया। इस दौरान वाहन चालकों ने अपने वाहनों को क्षतिग्रस्त होने के डर से पार्किंग से बाहर निकाल दिया और पार्किंग को पूरी तरह से खाली कर दिया। हालांकि यह स्टंटबाजी दो दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। इस स्टंटबाजी के वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली और सख्ती पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस हर वक्त सतर्क रहने और मार्केट सहित सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध होने का दावा तो करती है, लेकिन जिस तरह से यह थार सवार युवक स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं उससे साफ है कि पुलिस के दावे खोखले हैं। फिलहाल वीडियाे वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और वीडियो के आधार पर थार सवार की तलाश शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.