सोनीपत में नगर निगम के सीवरेज ट्रैक्टर ने 11 साल की बच्ची को कुचला, मौके पर ही मौत
सोनीपत की दहिया कॉलोनी में नगर निगम के सीवरेज ट्रैक्टर की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्ची खुशी उर्फ ओमश्री की दर्दनाक मौत हो गई।
सोनीपत : सोनीपत की दहिया कॉलोनी की गली नंबर पांच में नगर निगम के सीवरेज ट्रैक्टर की चपेट में आने से 11 वर्षीय खुशी उर्फ ओमश्री की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, दहिया कॉलोनी निवासी खुशी उर्फ ओमश्री चौथी कक्षा में पढ़ती थी। वह अपने परिवार के साथ की गली नंबर पांच में रहती थी। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम नगर निगम का सीवरेज ट्रैक्टर कालूपुर की तरफ से ककरोई रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान गली नंबर पांच के पास खुशी ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर-टैंकर की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई। शव को नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। मामले की जांच व परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।