सोनीपत में STF की बड़ी कार्रवाई, टोल मैनेजर हत्याकांड का आरोपी फ्लाईओवर से कूदा और घायल

सोनीपत STF ने हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड के आरोपियों को घेरा। एक बदमाश फ्लाईओवर से कूदकर घायल, दूसरा गिरफ्तार।

सोनीपत: हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की कार को सोनीपत एसटीएफ ने एनएच-44 स्थित भिगान फ्लाईओवर पर गाड़ी को घेर लिया. पुलिस को सामने देखकर एक बदमाश ने भागने की कोशिश की और फ्लाईओवर से छलांग लगा दी. पुल से गिरने के कारण बदमाश मनोज उर्फ फिल्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल मनोज को इलाज के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

टोल मैनेजर हत्याकांड में दो गिरफ्तार: आरोपी मनोज हिसार के गांव बहबलपुर का रहने वाला है और उसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. वहीं, कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने उसके साथी सचिन को मौके से गिरफ्तार कर लिया. सचिन सोनीपत के गांव कबीरपुर का रहने वाला बताया जा रहा है. एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक गाड़ी भी बरामद की है.

आरोपियों से पूछताछ में जुटी सोनीपत एसटीएफ: बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश हिसार के बाडो पट्टी टोल पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे. फिलहाल घायल मनोज का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि गिरफ्तार आरोपी सचिन से एसटीएफ पूछताछ कर रही है. एसटीएफ सचिन के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है. पूरे मामले में सोनीपत एसटीएफ की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्याकांड के बाद दोनों बदमाश कहां-कहां छिपे रहे और इस वारदात में उनकी क्या भूमिका थी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.