हरियाणा के 22 जिला अस्पतालों में लगेगी ओसीटी मशीन, आंखों की जांच होगी आसान
हरियाणा के 22 जिला अस्पतालों में 6.62 करोड़ रुपये से ओसीटी मशीनें लगाई जाएंगी। 97 करोड़ रुपये की दवाओं की खरीद को भी मंजूरी।
चंडीगढ़: हरियाणा के 22 जिला अस्पतालों में आंखों की जांच की सुविधा को आधुनिक बनाने के लिए 6.62 करोड़ रुपये से 22 ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (ओसीटी) मशीनें खरीदी जाएंगी। इससे मरीजों को रेटिना और ऑप्टिक नर्व की विस्तृत जांच की सुविधा जिला स्तर पर ही मिल सकेगी।
इससे जांच के लिए मरीजों को बड़े अस्पतालों या दूसरे शहरों में रेफर करने की जरूरत कम होगी। स्पेशल हाई पावर परचेज कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए करीब 97 करोड़ रुपये की 117 जरूरी दवाओं की खरीद को भी मंजूरी दी गई। इनमें इंजेक्शन, एंटीबायोटिक, मनोविकाररोधी, मधुमेहरोधी और हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी दवाएं शामिल हैं। खरीद में दवाओं की गुणवत्ता, लागत व समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
रोहतक में आधुनिक रक्त जांच सुविधा
पीजीआईएमएस रोहतक के ब्लड बैंक के लिए करीब 2.40 करोड़ रुपये की लागत से पूरी तरह स्वचालित आईडी-नैट प्रणाली खरीदने को मंजूरी दी गई है। इससे रक्त की उन्नत जांच और ट्रांसफ्यूजन से जुड़े संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा करीब 2.20 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल रेडियोग्राफी प्रणाली के साथ फ्लोरोस्कोपी सुविधा स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इससे इमेजिंग सेवाओं को आधुनिक बनाने और मरीजों की जांच अधिक सटीक व समयबद्ध तरीके से करने में मदद मिलेगी।