हरियाणा के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में मानसून की गतिविधियां जारी। मौसम विभाग ने पंचकूला, सोनीपत और यमुनानगर समेत 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। जानिए तापमान और बारिश का ताजा अपडेट।
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की गतिविधियों में आज से कुछ कमी आने की संभावना है. विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा में बारिश का दौर जारी रहेगा. इन इलाकों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
6 जिलों में यलो अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने आज पंचकूला, जींद, पानीपत, यमुनानगर, करनाल और सोनीपत में यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. लोगों को मौसम में अचानक बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
सोनीपत-यमुनानगर में 40 MM से ज्यादा बारिश: वहीं, सोमवार को यमुनानगर और सोनीपत में 40 एमएम से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश के कारण इन जिलों में दिन के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई. यमुनानगर में अधिकतम तापमान 28.2°C और करनाल में 28.4°C रहा.
इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार: अंबाला, कुरुक्षेत्र, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा में मानसून कमजोर रहेगा और कुछ स्थानों पर केवल छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है.
सात जिलों में बारिश की संभावना बेहद कम: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में बारिश के आसार बेहद कम हैं. इन क्षेत्रों में ज्यादातर समय धूप और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है.
बारिश से दिन के तापमान में गिरावट: बारिश के चलते हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 1.9°C की गिरावट दर्ज की गई. फरीदाबाद 36.6°C के साथ सबसे गर्म रहा. पानीपत में 35.8°C, नूंह में 35.3°C और हिसार में 34°C तापमान दर्ज किया गया. वहीं अंबाला में 30.4°C और रोहतक में 30.9°C तापमान रहा.
भिवानी सबसे ठंडा, रोहतक में रात सबसे गर्म: न्यूनतम तापमान की बात करें तो भिवानी 23.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा. यमुनानगर में रात का तापमान 24.4°C दर्ज हुआ. इसके विपरीत रोहतक में न्यूनतम तापमान 28.4°C रहा, जबकि जींद में 28.3°C और कैथल-सोनीपत में 28°C रिकॉर्ड किया गया. बारिश वाले इलाकों में रात के समय नमी बनी हुई है.