हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने छात्राओं से कहा- अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ उठाएं आवाज
राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रतिभा खोज कार्यक्रम। महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने छात्राओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक।
भिवानी। राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में रविवार को प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें उचित मंच देना था।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। राजकीय महाविद्यालय बौंद कलां दादरी की प्राचार्य डॉ. श्वेता विशेष अतिथि थीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. त्रिलोक चंद ने अतिथियों का स्वागत किया।
मीना परमार ने कहा कि प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों के प्रति सजग और आत्मविश्वासी होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अन्याय, शोषण या उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि समस्या पर हरियाणा राज्य महिला आयोग के समक्ष शिकायत की जा सकती है।