हरियाणा में मौसम अलर्ट: 13 जून तक भारी बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी

हरियाणा में 11 से 13 जून तक भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट। नूंह में तूफान से भारी तबाही, एक की मौत। तापमान में गिरावट की संभावना।

चंडीगढ़ : हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभागने 11 से 13 जून तक पूरे प्रदेश में आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सरकुलेशन और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में हवाओं की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी और मध्य हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद और पंचकूला जिलों में बारिश का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिलेगा. इन क्षेत्रों में 50 से 75 प्रतिशत तक तेज बारिश दर्ज होने की संभावना है. वहीं सिरसा, हिसार, भिवानी, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ जैसे पश्चिमी एवं दक्षिणी जिलों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं.

मौसम विभाग ने जताई अच्छी बारिश की उम्मीद: वहीं, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि, “हरियाणा में 14 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. 11 जून की रात से 13 जून के बीच प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. यह जून महीने का तीसरा पश्चिमी विक्षोभ है, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा.”

अंबाला में दिन में छाया अंधेरा: इधर, अंबाला में बुधवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली. बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया. हालांकि सड़क पर निकलने वाले लोगों को जलभराव और यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा. किसानों ने इस बारिश को धान की रोपाई के लिए लाभदायक बताया है.

मेवात में तूफान ने मचाई तबाही: वहीं, नूंह, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना और नगीना क्षेत्र में आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई. तेज हवाओं से बड़ी संख्या में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए. कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे पेयजल संकट भी गहरा गया. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई आंधियां देखी हैं, लेकिन इस बार का नुकसान अभूतपूर्व है. एक ग्रामीण ने बताया कि, “पूरे गांव में करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. खेतों में लगे पेड़ टूट गए और पानी की टंकी भी ढह गई.”

हादसे में युवक की मौत, कई घायल: आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई. बताया गया कि उसकी गर्दन पर टीनशेड का हिस्सा गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई. वहीं कई अन्य लोग घायल हुए हैं. सामान्य अस्पताल माड़ीखेड़ा के मेडिकल ऑफिसर योगेश ने बताया कि, “आंधी-तूफान के बाद कई घायल मरीज अस्पताल पहुंचे. दो महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि सिर में गंभीर चोट लगने वाले एक व्यक्ति को भर्ती किया गया है.”

बिजली विभाग को लाखों का नुकसान: वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ शमीम अहमद ने बताया, “दोंडल समेत करीब 15 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है. 11 केवी के कई ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं और बड़ी संख्या में बिजली के पोल टूट गए हैं. विभाग को प्रारंभिक तौर पर 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हैं और जल्द बिजली बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.”

लोगों को सतर्क रहने की सलाह: मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगले तीन दिनों में होने वाली बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.