हरियाणा में 2 दिन सुस्त रहेगा मानसून, 14-15 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी

हरियाणा में अगले 2 दिन मानसून की रफ्तार धीमी रहेगी। 12 जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 14-15 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी।

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की गतिविधियों में अगले दो दिनों तक कमी देखने को मिलेगी. मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है.

12 जिलों में बारिश के आसार: आईएमडी के मुताबिक आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, चरखी दादरी और भिवानी में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के कारण इन क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट आ सकती है.

कल कम होगी बारिश की गतिविधि: मौसम विभाग के अनुसार बुधवार के बाद गुरुवार को बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी. इस दौरान प्रदेश के कुछ ही हिस्सों में छिटपुट बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, बादल छाए रहने और वातावरण में नमी बनी रहने की संभावना है.

14-15 अगस्त को फिर सक्रिय होगा मानसून: दो दिनों की सुस्ती के बाद 14 और 15 अगस्त को मानसून के दोबारा सक्रिय होने का अनुमान है. इन दोनों दिनों में हरियाणा के ज्यादातर जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

किसानों को जल निकासी की सलाह: लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश और वातावरण में बढ़ी नमी को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसलों में जलभराव से बचाव की सलाह दी है. खासकर कपास और धान के खेतों में अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है. कीट नियंत्रण के लिए मौसम साफ होने के बाद ही दवाओं का छिड़काव करने की सलाह दी गई है.

अधिकतम तापमान में गिरावट: हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री नीचे बना हुआ है. पलवल 33.5°C के साथ सबसे गर्म रहा. सिरसा में 33.2°C, भिवानी में 33°C और हिसार में 32.5°C तापमान दर्ज हुआ.

रात के तापमान में भी मामूली गिरावट: राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. भिवानी में न्यूनतम तापमान 25.5°C रहा, जबकि गुरुग्राम में 25.8°C, कैथल और करनाल में 25.9°C तथा नारनौल में 26°C रिकॉर्ड किया गया. फरीदाबाद में 28.3°C और नूंह में 28.2°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ.

Leave A Reply

Your email address will not be published.