हरियाणा वेदर अपडेट: 14 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, 11 जून से राहत

हरियाणा में गर्मी का कहर! 14 जिलों में लू (Heat Wave) का अलर्ट जारी। तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने के आसार। 11 जून से बारिश और तेज हवाओं की संभावना।

चंडीगढ़: हरियाणा में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है. पिछले कुछ दिनों की आंधी और बारिश के बाद मौसम में मिली राहत अब खत्म होती नजर आ रही है.आईएमडी चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वर्तमान में प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है.

रोहतक बना सबसे गर्म जिला: प्रदेश में 8 जून को सबसे अधिक तापमान रोहतक में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा हिसार में 43.6 डिग्री, अंबाला में 42.4 डिग्री, सिरसा और करनाल में 42-42 डिग्री तथा चंडीगढ़ में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा. यहां 1.5 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई, जिससे स्थानीय लोगों को कुछ राहत मिली.

14 जिलों में हीट वेव की चेतावनी: मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 14 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में दोपहर के समय तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.

अगले दो दिन और बढ़ेगी गर्मी: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है. इसके चलते गर्मी और लू का प्रभाव अधिक महसूस होगा. हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत भी मिल रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है.

11 जून से बदल सकता है मौसम: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है. 11 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 12 जून को वर्षा गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. 13 और 14 जून को भी कई क्षेत्रों में बारिश के आसार बने हुए हैं. विभाग ने 12 जून को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है.

तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बादल: 11 और 12 जून को गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 11 से 14 जून के बीच कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को मौसम के बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह: विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है. लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी माना जा रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.