हरियाणा वोटर लिस्ट: SIR-2026 अभियान शुरू, घर-घर सत्यापन की पूरी जानकारी

हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की शुरुआत हो चुकी है। जानें कैसे करवाएं पंजीकरण, BLO सत्यापन की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज।

फरीदाबाद: हरियाणा में 15 जून से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की शुरुआत हो गई है. चुनाव आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को मजबूत, सटीक और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही सूची में शामिल रहें. इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने की जिम्मेदारी दी गई है.

हरियाणा में SIR अभियान शुरू: फरीदाबाद सहित पूरे प्रदेश में BLO अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर मतदाता संबंधी जानकारी की जांच कर रहे हैं और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं.इसी कड़ी में फरीदाबाद में भी BLO घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी की पुष्टि कर रहें है. वहीं नए योग्य मतदाताओं का पंजीकरण करवा रहें हैं. ईटीवी भारत से बातचीत के दौरान फरीदाबाद के BLO बंटी ने बताया कि प्रदेश भर में SIR का काम शुरू हो चुका है.

3 चरणों में होगी SIR प्रक्रिया: SIR की प्रक्रिया तीन चरणों में होगी और पहला चरण 15 जून से शुरू हो चुका है, जो 14 जुलाई तक चलेगा. इस दौरान घर-घर जाकर लोगों से फॉर्म भरवाए जाएंगे. पहली कैटेगरी में उन वोटरों का नाम हम चेक किया जा रहा है, जो 2002 में वोटर थे. दूसरे कॉलम में उनके घर में अगर कोई दूसरा वोटर हैं. (पिताजी, दादाजी, पोता) उनकी जानकारी भर रहे हैं. तीसरे कॉलम में उस वोटरों की डिटेल भर रहे हैं जो 2002 में वोटर नहीं थे. या फिर शादी होकर चले गए या फिर जिनकी डेथ हो चुकी है या वो दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं.

सरल और निशुल्क है प्रक्रिया: BLO ने कहा “ये प्रक्रिया बिल्कुल सरल और निशुल्क है. इसके अलावा मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया भी कर रहें हैं वहीं डुप्लीकेट या गलत प्रविष्टियों को ठीक कर रहें हैं. इस प्रक्रिया का मकसद है फर्जी वोटरों को हटाना और ओरिजिनल वोटो की पहचान करना है. जब ये सारी जानकारी हमारे पास इकट्ठा हो जाएगी, तो उसे हम ऑनलाइन अपलोड कर देंगे, ताकि ओरिजिनल वोटर अपने वोट का सही इस्तेमाल कर सके. ये प्रक्रिया पूरे 3 महीने की है लेकिन पहले फेस में एक महीने के लिए ये प्रक्रिया अभी शुरू हुई है.”

स्थानीय लोगों ने बताया अनुभव: इसके अलावा अपनी वोट को सुनिश्चित और ठीक करवाने आए युवक अनुज शर्मा ने बताया कि “ये प्रक्रिया बहुत ही सरल है और इसके लिए मैं अपना अपडेटेड कलर पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आया हूं. इसके अलावा मैं अपने साथ वोटर कार्ड भी लेकर आया हूं और मुझे यहां से एक फॉर्म मिला जिसे मैंने भर दिया है. फॉर्म में अपनी जानकारी भरनी है. जो काफी सरल है और इस तरह से मैंने अपना फॉर्म सबमिट कर दिया है.”

अभियान क्यों है खास? आपको बता दें चुनाव आयोग लंबे समय बाद बड़े स्तर पर घर-घर सत्यापन अभियान चला रहा है. आयोग का मानना है कि इस प्रक्रिया से मतदाता सूची अधिक विश्वसनीय और पारदर्शी बनेगी तथा किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने की संभावना कम होगी.

मतदाताओं को क्या करना चाहिए? BLO आपके घर पहुंचता है, तो पहचान संबंधी दस्तावेज और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएं. साथ ही निर्धारित प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें. जो युवा 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या करने वाले हैं, वे भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. ये विशेष अभियान 14 जुलाई तक जारी रहेगा. इसके बाद प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी और दावे एवं आपत्तियां लेने की प्रक्रिया शुरू होगी. चुनाव आयोग का उद्देश्य है कि हर योग्य नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित किया जाए और मतदाता सूची को पूरी तरह सही और अपडेटेड बनाया जाए.

Leave A Reply

Your email address will not be published.