हरियाणा: सरकारी अस्पतालों से हटेगा सालों पुराना कबाड़, स्वास्थ्य विभाग सख्त

हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में पड़े कबाड़ और बेकार सामान को जल्द हटाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता और सुरक्षा के लिए सभी अस्पतालों को सख्त निर्देश जारी किए।

चंडीगढ़: प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य संस्थानों के परिसर में सालों से पड़े खराब सामान को हटाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ऐसा सामान अस्पतालों में अनावश्यक जगह घेर रहा है और स्वच्छता व सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहा है।

स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक (डीजीएचएस) की ओर से सभी सिविल सर्जनों और जिला अस्पतालों के प्रमुखों को जारी आदेश में इस अभियान को विशेष प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया है। विभाग के अनुसार ऐसे कबाड़ और बेकार सामान से अस्पतालों में गंदगी बढ़ने के साथ-साथ चूहे, कीट और अन्य जीव पनप सकते हैं जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।

अस्पताल प्रशासन सभी अनुपयोगी वस्तुओं की पहचान कर निर्धारित नियमों के तहत उन्हें कबाड़ घोषित कर इनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करे। कबाड़ घोषित सामग्री मरीजों के वार्ड, गलियारों, स्टोर रूम या अस्पताल परिसर के अन्य हिस्सों में नहीं रखी जाएगी। विभाग ने इस प्रक्रिया में संपत्तियों के सत्यापन, रिकॉर्ड के रखरखाव और ऑडिट नियमों के अनुरूप दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने को भी कहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.