हरियाणा HTET परीक्षा: लेवल-3 का सफल आयोजन, कल टीजीटी-पीआरटी की परीक्षा

हरियाणा में HTET लेवल-3 परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न। बोर्ड अध्यक्ष ने हाई-टेक कमांड सेंटर से की निगरानी। कल लेवल-1 और लेवल-2 की परीक्षा के लिए गाइडलाइंस जारी।

भिवानी। प्रदेशभर में हरियाणा अध्यापक पात्रता लेवल-3 की परीक्षा 238 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक तरीके व नकल-रहित सफलतापूर्वक सुचारु रूप से संचालित हुई। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ व अन्य अधिकारियों ने मुख्यालय पर स्थापित अत्याधुनिक तकनीकों से युक्त हाई-टेक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से प्रदेशभर के सभी परीक्षा केंद्रों की पल-पल की लाइव मॉनिटरिंग सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रथम चरण में उसकी मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई और उसके बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया के बाद तीसरे चरण में उनके कागजात जांचे गए। सभी अभ्यर्थियों की वीडियोग्राफी कराई गई। उन्होंने यह भी बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अति-प्रभावी उड़नदस्तों द्वारा कड़ी निगरानी रखी गई।

बोर्ड अध्यक्ष धूपड़ ने स्वयं अपने अधिकारियों के साथ भिवानी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रों पर लगाए गए जैमर, सीसीटीवी कैमरे व अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया जहां सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारु व सुव्यवस्थित ढ़ंग से चल रही थी।

बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा ने स्वयं जिला सोनीपत, नूंह, झज्जर व पलवल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया, जहां परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग संचालित हो रही थी। उन्होंने बताया कि प्रशासन व पुलिस का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। किसी भी प्रकार का बाहरी हस्तक्षेप न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा पूर्ण व्यवस्था की गई है।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेशभर में रविवार 05 जुलाई को प्रात: कालीन सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में 1,19,141 अभ्यर्थी 383 परीक्षा केंद्रों में प्रविष्ट होगें। इस परीक्षा का समय 10 बजे से 12:30 बजे तक रहेगा। सायंकालीन सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 41,062 अभ्यर्थी 139 परीक्षा केंद्रों में प्रविष्ट होंगे, परीक्षा का समय 03 बजे से 05:30 बजे तक रहेगा।

परीक्षा आरंभ होने से 02 घंटे 10 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें व अनुचित साधनों के प्रयोग किए बिना परीक्षा दें और परीक्षा व शिक्षा की गरिमा बरकरार रखने में अपना योगदान दें।
Leave A Reply

Your email address will not be published.