हांसी: 5 दिन बाद खत्म हुआ सेक्टर-5 का धरना, विधायक के आश्वासन पर बनी सहमति

हांसी के सेक्टर-5 में जल संकट को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 5 दिन बाद खत्म हो गया है। विधायक विनोद भयाना ने मंगलवार से नियमित जलापूर्ति का आश्वासन दिया है।

हांसी: हांसी के सेक्टर-5 में सालों से चले आ रहे जल संकट को लेकर पिछले 5 दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आखिरकार आज खत्म हो गया. पांच दिनों तक लगातार चले आंदोलन और बढ़ते जनसमर्थन के बाद विधायक विनोद भयाना धरना स्थल पर पहुंचे और सेक्टरवासियों की प्रमुख मांग स्वीकार कर ली. विधायक के आश्वासन के बाद सेक्टरवासियों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई और एक-दूसरे को बधाई दी.

“नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाएगी”: धरना स्थल पर पहुंचे विधायक विनोद भयाना ने घोषणा की कि सेक्टर-5 में 8 इंच की नई पाइपलाइन के माध्यम से नियमित एक घंटे की पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाएगी. मंगलवार से हर घर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था लागू कर दी जाएगी. सेक्टर-5 के पानी की समस्या मेरे संज्ञान में नहीं थी. जानकारी मिलते ही अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. मंगलवार से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा नहीं आने दी जाएगी.” विधायक के इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना खत्म करने का फैसला लिया.

 वहीं, सेक्टर-5 के प्रधान शशिकांत यादव ने आंदोलन की सफलता का श्रेय क्षेत्रवासियों की एकजुटता के साथ-साथ मीडिया को भी दिया. इसके बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता दिखाई. यह जीत सिर्फ सेक्टर-5 की नहीं, बल्कि उन सभी लोगों और संगठनों की है जिन्होंने इस संघर्ष में हमारा साथ दिया.”

सेक्टरवासियों ने आंदोलन को बताया एकजुटता की जीत: इसके अलावा धरने में शामिल एक सेक्टरवासी ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, “सालों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों को आखिरकार राहत मिलने की उम्मीद जगी है.” वहीं, एक अन्य सेक्टर निवासी ने कहा कि, “लगातार संघर्ष और शांतिपूर्ण आंदोलन के कारण उनकी मांग सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंची. लोगों ने उम्मीद जताई कि अब तय समय पर नियमित पानी की सप्लाई शुरू होगी.”

बता दें कि पिछले पांच दिनों से चल रहे इस आंदोलन के बाद फिलहाल सेक्टर-5 के लोगों में खुशी का माहौल है. हालांकि अब सभी की निगाहें मंगलवार से शुरू होने वाली प्रस्तावित जलापूर्ति पर टिकी हैं. यदि तय समय पर नियमित पानी की आपूर्ति शुरू होती है तो वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी. आंदोलनकारियों ने इसे अपनी बड़ी जीत बताते हुए सभी सहयोगी संगठनों, शहरवासियों और मीडिया का आभार जताया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.