हिसार कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने दिया इस्तीफा, सियासी हलचल तेज

हिसार कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया। दुष्यंत चौटाला से मुलाकात के बाद गर्ग के इस्तीफे से बढ़ी राजनीतिक हलचल।

हिसार : कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गर्ग ने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त को भेजा है। इस्तीफे में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए कहा है कि वह सामाजिक कार्यों में अधिक व्यस्त रहते हैं और पार्टी के काम को सक्रिय रूप से समय नहीं दे पाएंगे।

हालांकि पार्टी से जुड़े सूत्र इस्तीफे की वजह संगठन से नाराजगी को बता रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक जब से बजरंग दास गर्ग को हिसार कांग्रेस का शहरी जिलाध्यक्ष बनाया गया था। तभी से वह संगठन को लेकर नाराज चल रहे थे। और कई बार इस्तीफा देने की इच्छा जता चुके थे। बताया जा रहा है कि पहले उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया।

बजरंग दास गर्ग की ओर से फिलहाल इस्तीफे को लेकर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं इस्तीफे से एक दिन पहले बजरंग दास गर्ग की पूर्व डिप्टी सीएम और जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला से मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद हिसार के सियासी गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

उधर, कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि उन्हें बजरंग दास गर्ग के इस्तीफे की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी हाईकमान फैसला करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी को बजरंग दास गर्ग से बातचीत कर उनका इस्तीफा मंजूर नहीं करना चाहिए।

बता दें कि हरियाणा कांग्रेस में करीब 11 साल बाद राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद जिला स्तर पर संगठन का गठन हुआ था। अगस्त 2025 में कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी। ऐसे में शहरी जिलाध्यक्ष के पद से बजरंग दास गर्ग का इस्तीफा हिसार कांग्रेस के लिए अहम सियासी घटनाक्रम माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.