हिसार के बनभौरी के पास भीषण सड़क हादसा, फॉर्च्यूनर की टक्कर से दो भाइयों की मौत
हिसार के बरवाला क्षेत्र में फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से बाइक सवार दो किशोरों की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया।
हिसार : बरवाला क्षेत्र के गांव बनभौरी के समीप तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार सरहेड़ा निवासी मोनू (15), पुनीत (14) और रवि (22) गंभीर घायल हो गए। उनको बरवाला के सरकारी अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टरों ने मोनू और पुनीत को मृत घोषित कर दिया। बरवाला थाना पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरहेड़ा निवासी रवि, मोनू, पुनीत रविवार दोपहर को बाइक पर जींद के गांव मखंड में कबड्डी का खेल देखने जा रहे थे। जब वे बनभौरी गांव की गौशाला के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही फॉच्र्यूनर गाड़ी ने सीधी बाइक में टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर चालक ने ब्रेक लगाए। ब्रेक इतनी तेजी से लगाए कि दोनों टायर फट गए और वाहन बाइक से टकरा गया। टक्कर के बाद बाइक भी दूसरी बाइक से जा टकराई। पुलिस ने दोनों शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। सिविल अस्पताल में मृतक के परिजनों ने बताया कि पुनीत छठी कक्षा में पढ़ता था। वह कबड्डी खेलता था। वहीं मोनू एक बहन का इकलौता भाई था।