हिसार: गांव जुगलान में आवारा कुत्तों का आतंक, बच्चे पर किया हमला

हिसार के गांव जुगलान में आवारा कुत्तों का कहर। 12 वर्षीय बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने किया हमला, CCTV में कैद हुई घटना। प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग।

हिसार : हिसार क्षेत्र के गांव जुगलान में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार शाम करीब 6:20 बजे गांव की एक गली में 12 वर्षीय बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने हमला करने की कोशिश की। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि बच्चा जैसे ही गली से गुजर रहा था, तभी अचानक कई कुत्ते उसके पीछे पड़ गए। कुत्तों ने बच्चे पर झपटने की कोशिश की, जिससे घबराया बच्चा खुद को बचाने के लिए दीवार के साथ चिपक गया। ग्रामीणों के अनुसार अगर उसी समय महिला बाहर नहीं आती तो बच्चे के साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता था। महिला के बाहर निकलने से कुत्ते पीछे हटे और बच्चा बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वहीं गांववासियों का कहना है कि यह तीसरी घटना है, जब आवारा कुत्तों ने किसी बच्चे या राहगीर को निशाना बनाने की कोशिश की है। इसके बावजूद अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जुगलान गांव में आवारा कुत्तों के आतंक पर तुरंत अंकुश लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम के साथ कोई अनहोनी न हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.