120Hz डिस्प्ले, 50MP AI कैमरा और Unisoc प्रोसेसर के साथ पेश होगा लावा का नया 5G स्मार्टफोन
देसी स्मार्टफोन ब्रांड Lava अपना नया 5G स्मार्टफोन 24 अगस्त को भारत में लॉन्च करने जा रहा है।
देसी स्मार्टफोन कंपनी Lava अपने नए 5G फोन को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने पुष्टि कर दी है कि Lava Virat V1 Pro 5G को 24 अगस्त को देश में पेश किया जाएगा. फोन की बिक्री ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म Flipkart के जरिए होने की उम्मीद है. Virat सीरीज में यह कंपनी का नया मॉडल होगा. इससे पहले Lava इस सीरीज में Virat V1 4G और Virat V1 5G स्मार्टफोन पेश कर चुकी है. अब कंपनी इसका Pro मॉडल लेकर आ रही है.
24 अगस्त को होगी लॉन्चिंग
Lava Mobiles ने Flipkart और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए नए फोन की लॉन्च तारीख की जानकारी दी है. इसके मुताबिक, Virat V1 Pro 5G को 24 अगस्त को लॉन्च किया जाएगा. फिलहाल कंपनी ने फोन की कीमत और सभी फीचर्स की पूरी जानकारी नहीं दी है. हालांकि, रिपोर्ट्स के जरिए इसके कुछ संभावित फीचर्स सामने आए हैं.
120Hz डिस्प्ले मिलने की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार, Lava Virat V1 Pro 5G में 6.75 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया जा सकता है. स्क्रीन का रिजॉल्यूशन 1600×720 पिक्सल हो सकता है और इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है. 120Hz रिफ्रेश रेट की वजह से स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और दूसरे काम ज्यादा आसान और स्मूथ नजर आ सकते हैं.
Unisoc चिपसेट से मिल सकती है पावर
फोन में Unisoc T8200 चिपसेट दिया जा सकता है. इसकी स्पीड 2.3GHz तक बताई जा रही है. ग्राफिक्स के लिए इसमें Mali-G57 MC2 GPU मिल सकता है. रैम की बात करें तो फोन को 6GB और 8GB रैम के विकल्प में पेश किए जाने की उम्मीद है. इसमें 128GB स्टोरेज मिल सकती है. इसके अलावा स्टोरेज बढ़ाने के लिए माइक्रोएसडी कार्ड का सपोर्ट भी दिया जा सकता है.
50MP AI कैमरा होगा खास
Lava Virat V1 Pro 5G के पीछे 50MP AI डुअल कैमरा दिया जा सकता है. कंपनी कैमरे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े फीचर्स दे सकती है.हालांकि, फोन के फ्रंट कैमरे की जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इसी तरह बैटरी की क्षमता को लेकर भी फिलहाल कोई पक्की जानकारी नहीं है.रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन में 18W चार्जिंग सपोर्ट दिया जा सकता है.
Android 16 और 5G कनेक्टिविटी
सॉफ्टवेयर की बात करें तो Lava Virat V1 Pro 5G में Android 16 मिल सकता है. नाम से ही साफ है कि यह फोन 5G नेटवर्क को सपोर्ट करेगा. कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 5, Bluetooth 5.0 और USB Type-C पोर्ट मिलने की उम्मीद है. फोन में 3.5mm हेडफोन जैक भी दिया जा सकता है.
फोन का वजन कितना होगा?
रिपोर्ट के अनुसार, Virat V1 Pro 5G का वजन करीब 196 ग्राम और मोटाई लगभग 8.2mm हो सकती है. फोन को IP54 रेटिंग के साथ पेश किए जाने की भी उम्मीद है. यह रेटिंग फोन को धूल और पानी की हल्की छींटों से बचाने में मदद करती है.
एक और फोन भी आ सकता है
Lava Virat V1 Pro 5G के अलावा इसी सीरीज में एक और स्मार्टफोन लाने की तैयारी कर सकती है. इसे Virat Curve 5G नाम से पेश किए जाने की चर्चा है. इस फोन को GSMA IMEI डेटाबेस में LXX529 मॉडल नंबर के साथ देखा गया है.फिलहाल Virat V1 Pro 5G की कीमत और सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. 24 अगस्त के लॉन्च के बाद फोन की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी.