17 से 20 अगस्त तक हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने जिले का मौसम

हरियाणा में 17 से 20 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा। पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट, 18 जिलों में बारिश के आसार।

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. 17 अगस्त की रात से 20 अगस्त तक राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है.

तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने 17 अगस्त के लिए पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है. उत्तरी हरियाणा में इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है.

18 जिलों में बारिश के आसार: यमुनानगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

दक्षिणी हिस्सों में भी दिखेगा असर: फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. इससे इन क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 18 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है.

उत्तरी हरियाणा में बन सकता है साइक्लोनिक सर्कुलेशन: एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा अमृतसर, लुधियाना, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और उत्तर ओडिशा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. उत्तरी हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है.

21 अगस्त से और बढ़ सकती है बारिश: साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ सकती है. इससे बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल होंगी. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 21 अगस्त से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है.

दिन का तापमान गिरेगा, रात में हल्की गर्मी: लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने के आसार हैं. वहीं रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. इससे दिन में उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

किसानों को सावधानी बरतने की सलाह: मौसम विभाग ने किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी है. भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों और निचले इलाकों में जलभराव से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है.

36 डिग्री के साथ हिसार सबसे गर्म: हरियाणा में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा. हिसार 36 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. पिछले दिन की तुलना में राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

Leave A Reply

Your email address will not be published.