22 नवंबर को कादरपुर टी-पॉइंट के पास मिला था शव, आरोपी 4 दिन की रिमांड पर
गुरुग्राम में पैसों के विवाद में 25 वर्षीय नईम की हत्या; पानी के टैंक में नमक डालकर दबाया शव, मुख्य आरोपी बदायूं से गिरफ्तार।
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया, जिसमें 25 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कादरपुर टी-पॉइंट के पास एक पुराने पानी के टैंक में दबा दिया। इतना ही नहीं, शव को मिट्टी से ढकने से पहले उसके ऊपर नमक भी डाला गया। गुरुग्राम पुलिस ने मामले में एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार किया है।
🔍 परिजनों ने की तलाश पर नहीं मिले साक्ष्य
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान नईम (25) के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में मूंगफली बेचने का काम करता था। 11 नवंबर को उसके भाई ने नईम की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नईम 8 नवंबर की शाम बैटरी चार्ज करने के लिए चार्जर लेने दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में सेक्टर-50 में मिला एक मोबाइल फोन नईम का निकला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ CCTV फुटेज भी खंगाली। जांच के दौरान 22 नवंबर को कादरपुर टी-पॉइंट के पास खाली खेतों में बने एक पुराने पानी के टैंक के नजदीक जमीन में दबा हुआ शव बरामद हुआ। क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, बाद में शव की पहचान लापता नईम के रूप में हुई।
🤝 4-5 साल से साथ करते थे मूंगफली बेचने का काम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बबलू और नईम पिछले 4-5 सालों से गुरुग्राम में साझेदारी में मूंगफली बेचने का काम करते थे। दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 8 नवंबर को सेक्टर-63A के पास बनी झुग्गियों में दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
🔥 पहने कपड़ों को आरोपियों ने जलाया
आरोप है कि इस दौरान बबलू ने नईम पर चाकू से हमला किया और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने अपने पहने हुए कपड़े जला दिए और शव को पास में बने पुराने पानी के टैंक में दबा दिया। शव के ऊपर नमक डालकर मिट्टी से ढक दिया, ताकि किसी को वारदात का पता न चल सके।
👮♂️ यूपी के बदायूं से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बबलू (21), निवासी गांव बेहटा गोसाई, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) को 26 नवंबर को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस PRO संदीप के अनुसार, रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने, अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी तथा मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए पूछताछ की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।