उज्जैन में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़: 75 किलो केमिकल बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन पुलिस की बड़ी कार्रवाई! आगर रोड पर गैरेज की आड़ में बन रही थी MDMA ड्रग्स। 75 किलो प्रतिबंधित केमिकल, ₹8.5 लाख नकद और कार जब्त। जानें कैसे पकड़ा गया यह सिंडिकेट।

मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई.

जानकारी के अनुसार, आगर रोड स्थित कृष्णा मोटर्स गैरेज पर पिछले कुछ समय से बड़ी मात्रा में केमिकल और पाउडर मंगाए जा रहे थे. संदेह इस बात से बढ़ा कि इन रसायनों का उपयोग गैरेज के किसी भी सामान्य काम में नहीं हो रहा था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले गुप्त रूप से जांच-पड़ताल की और जब तथ्य सही पाए गए तो तत्काल दबिश दी.

मौके से प्रतिबंधित केमिकल बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से प्रतिबंधित केमिकल और सिंथेटिक ड्रग्स MDMA बनाने में इस्तेमाल होने वाला पाउडर बरामद हुआ. पुलिस ने करीब 75 किलो ब्रोमोपोल क्रिस्टल पाउडर (कीमत लगभग 48 हजार रुपये), अवैध कारोबार से अर्जित 8.5 लाख रुपये नकद, तीन फर्जी बिल और एक बलेनो कार जब्त की है.

बनाते थे MDMA ड्रग्स

आरोपियों ने इन रसायनों को घर की पुताई और कलर के काम के नाम पर मंगाया, ताकि किसी को शक न हो. योजना यह थी कि इन केमिकल्स का इस्तेमाल कर बड़ी मात्रा में MDMA तैयार की जाए और उसे ऊंचे दामों पर बाजार में बेचा जाए. पुलिस के मुताबिक, यह सिंडिकेट काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं.

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के संपर्क झालावाड़ तक फैले हुए हैं. चिमनगंज थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया के अनुसार, इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है, ताकि इस तरह के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.