नांदेड़ गैंगवार: आधी रात को खूनी भिड़ंत में 3 की हत्या, इलाके में भारी पुलिस बल
नांदेड़ में डी-मार्ट के पास साई लाला और सदा गैंग के बीच तलवारों से चलीं खूनी जंग। तिहरे हत्याकांड से शहर में सनसनी, अर्जित सिंह और सैय्यद अवेज समेत 3 की मौत।
महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शहर के एक पॉश इलाके में आधी रात को दो गैंग के बीच हुई खूनी भिड़ंत में तीन युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा सके.
यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है. नांदेड़ के डी-मार्ट परिसर के पास स्थित कैनॉल रोड अचानक उस समय जंग के मैदान में तब्दील हो गया, जब साई लाला गैंग और सदा गैंग के सदस्य आमने-सामने आ गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जो इस रात हिंसक टकराव में बदल गई.
तलवारों और खंजरों से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवारों और खंजरों से हमला शुरू कर दिया. कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा. सड़क पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस दौरान कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है.
इस खूनी झड़प में सदा गैंग से जुड़े अर्जित सिंह चव्हाण और साई लाला गैंग के सैय्यद अवेज की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहम्मद अरबाज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. इस तरह इस गैंगवार ने देखते ही देखते तीन जिंदगियां छीन लीं.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मारे गए तीनों युवक आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े थे और उनके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज थे. पुलिस का मानना है कि यह घटना गैंगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है, जिसमें लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया. हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं स्थानीय लोग इस तरह की घटना को लेकर चिंता जता रहे हैं. वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.