Amrit Bharat Express: रेल मंत्री ने परखा अमृत भारत कोच का नया अवतार, HL3 फायर सेफ्टी से लैस
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अमृत भारत एक्सप्रेस के नए कोचों का निरीक्षण किया। आधुनिक इंटीरियर, बेहतर साज-सज्जा और HL3 अग्नि सुरक्षा मानकों से लैस होंगे ये कोच।
केंद्र सरकार भारतीय रेलवे के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. इसी कड़ी में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे ने अगली पीढ़ी के अमृत भारत कोच के सैंपल तैयार किए हैं. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार (4 अप्रैल) को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अगली पीढ़ी के अमृत भारत एक्सप्रेस कोचों के नए डिजाइन किए गए इंटीरियर का निरीक्षण किया.
आधुनिक रंग संयोजन, बेहतर साज-सज्जा और HL3 अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप सामग्री से सुसज्जित ये सैंपल कोच यात्रियों के आराम और सुरक्षा को बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए गए हैं. भारतीय रेलवे की यह पहल बेहतर सौंदर्य, टिकाऊपन और रखरखाव पर केंद्रित है, जिससे विशेष रूप से गैर-एसी यात्रियों के लिए अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके.
जानकारी के मुताबिक सैंपल कोचों को पीवीसी फ्लोरिंग, सीट और बर्थ रेक्सिन, स्नैक टेबल, कर्टन और शौचालय क्षेत्रों जैसे प्रमुख घटकों में समन्वित रंगों को शामिल करते हुए विशिष्ट आंतरिक रंग थीम के साथ सुसज्जित किया गया है. मौजूदा कोच को अपग्रेड करके एक सैंपल कोच तैयार किया गया है.
रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोच का दौरा कर निरीक्षण किया और बदलावों की समीक्षा की. इन कोचों में उपयोग की जाने वाली सभी सामग्रियां HL3 अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन करती हैं, जो बेहतर दृश्य अपील के अलावा यात्री सुरक्षा के उच्च स्तर को सुनिश्चित करती हैं. रंग योजना स्थायित्व और रखरखाव में आसानी को बनाए रखते हुए एक आधुनिक, सुरुचिपूर्ण और समान सौंदर्य प्रदान करती है. यह पहल भारतीय रेलवे के रोलिंग स्टॉक को आधुनिक बनाने और ऑनबोर्ड परिवेश में सुधार करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है.
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीते शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक देशव्यापी समीक्षा बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने कहा था कि गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों से सामूहिक प्रयास के जरिए यात्री अनुभव बेहतर बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन देश की छवि का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है.