Kurukshetra Murder: अमेरिका से लौटे युवक की थार से कुचलकर हत्या, मददगार गिरफ्तार

कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में डीजे विवाद में एनआरआई साहिल की थार से कुचलकर हत्या। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपांशु के मददगार सोमनाथ को दबोचा। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 8 केस।

कुरुक्षेत्र  : जिले के इस्माइलाबाद क्षेत्र में अमेरिका से लौटे युवक की थार गाड़ी से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की मदद करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोमनाथ (50) निवासी इस्माइलाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से ही धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट के तहत अंबाला और करनाल में 8 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक हत्या का मुख्य आरोपी दीपांशु अभी भी फरार है। आरोप है कि दीपांशु ने थार गाड़ी से तीन बार साहिल (30) निवासी खेड़ी शीशगरां के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी थी। इस दौरान उसने साहिल के साथ मौजूद उसके जीजा को भी टक्कर मारी थी।

DJ पर गाने को लेकर हुआ था विवाद
गुरु गोबिंद सिंह कॉलोनी निवासी शैमिन पंजरथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका साला साहिल कुमार 29 मार्च की रात एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। उसी कार्यक्रम में कॉलोनी का रहने वाला दीपांशु भी मौजूद था।

शादी के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर साहिल और दीपांशु के बीच कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था।

हाईवे पर जीजा-साले को मारी टक्कर
शिकायत के अनुसार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 12:40 बजे वह अपने साले साहिल कुमार, दोस्त सिमरदीप सिंह, रमन नागपाल और विपुल बजाज के साथ हाईवे पर चम्मू चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान सामने से आई काले रंग की थार (HR 31 W 2645) ने साहिल और उसे टक्कर मार दी।

टक्कर मारने के बाद दीपांशु ने गाड़ी थोड़ी दूरी पर रोककर शीशा नीचे किया। जब उससे पूछा गया कि क्या वह किसी को मारना चाहता है, तो उसने कहा कि “अच्छा बच गया” और फिर गाड़ी को पीछे लेकर दोबारा साहिल के ऊपर से तीन बार चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अमेरिका से लौटने के बाद पहली बार आया था घर
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल साहिल को अंबाला के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि साहिल करीब डेढ़ महीने पहले ही अमेरिका से अपने घर लौटा था और वह वहां एक स्टोर पर काम करता था।

आरोपी को छिपाने में मदद कर रहा था सोमनाथ
इस्माइलाबाद थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान सोमनाथ को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि उसने मुख्य आरोपी दीपांशु को छिपने में मदद की थी और उसे आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई थी।

पुलिस के अनुसार सोमनाथ के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट के तहत अंबाला और करनाल में 8 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी दीपांशु की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.