दिव्यांगजन क्षेत्र में संस्थागत सुदृढ़ीकरण और क्षमता निर्माण के लिए इंडिया ऑटिज्म सेंटर तथा हरियाणा सरकार के SEWA विभाग ने मिलाया हाथ
संस्थानों के मूल्यांकन, ज्ञान के आदान-प्रदान और पेशेवर प्रशिक्षण पर केंद्रित रहेगा यह सहयोग
जगत क्रांति न्यूज
MOU : हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (SEWA) विभाग ने दिव्यांगजन क्षेत्र में संस्थागत सुदृढ़ीकरण और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए इंडिया ऑटिज्म सेंटर (IAC) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस साझेदारी के तहत हरियाणा दिव्यांगजन कल्याण सोसायटी (HDWS) के स्कूलों तथा राज्य पुनर्वास, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (SIRTAR) के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। ये संस्थान ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, बौद्धिक दिव्यांगता, दृष्टिबाधिता और श्रवणबाधिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं।
इस सहयोग के तहत इंडिया ऑटिज्म सेंटर इन संस्थानों की मौजूदा व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करेगा। इसके आधार पर संस्थानों की खूबियों और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान की जाएगी। साथ ही, वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों के अनुरूप सुझाव दिए जाएंगे, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता और संस्थागत क्षमताओं को और मजबूत किया जा सके।
Related Posts
बैठक के दौरान इंडिया ऑटिज्म सेंटर की तीन प्रमुख पहलों के बारे में भी जानकारी दी गई। इनमें पश्चिम बंगाल के शिराकोल में स्थापित किया जा रहा आवासीय परिसर ‘समावेश’ (Samaavesh) शामिल है, जो ऑटिज्म से प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिवारों को सहयोग प्रदान करने के लिए समर्पित होगा। इसके अलावा, ‘मनन’ (Manan) पेशेवर प्रशिक्षण पहल है, जिसके तहत देखभालकर्ताओं और चिकित्सकों, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट तथा स्पीच एवं लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, ‘खोज’ (Khoj) इंडिया ऑटिज्म सेंटर की अनुसंधान इकाई है, जो ऑटिज्म के क्षेत्र में ज्ञान और समझ को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी।
इस साझेदारी के तहत संबंधित संस्थानों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को इंडिया ऑटिज्म सेंटर के आगामी ‘समावेश’ परिसर का दौरा करवाने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान वे वहां की कार्यप्रणाली, आधारभूत ढांचे और अपनाई जा रही व्यवस्थाओं को समझ सकेंगे। संस्थानों के प्रारंभिक मूल्यांकन और आपसी सहयोग के आधार पर विशेष शिक्षकों तथा अन्य पेशेवरों के लिए उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम भी तैयार किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में ऑनलाइन और प्रत्यक्ष, दोनों माध्यमों से प्रशिक्षण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा तथा सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग के निदेशक श्री मुकुल कुमार ने प्रतिनिधित्व किया। वहीं, इंडिया ऑटिज्म सेंटर की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयशंकर नटराजन और गवर्निंग बॉडी की सदस्य सखी सिंघी उपस्थित रहीं।