Gondia News: गोंदिया में शराब दुकान के खिलाफ आंदोलन उग्र, पथराव और लाठीचार्ज
महाराष्ट्र के गोंदिया में शराब की दुकान बंद करने की मांग पर बवाल। किंडगीपार गांव में पुलिस पर पथराव, जवाब में लाठीचार्ज। मुख्य आंदोलनकारी गिरफ्तार, गांव में तनाव।
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के आमगांव तहसील स्थित किंडगीपार गांव में शराब की दुकान को स्थायी रूप से बंद करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब उग्र हो गया है. आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के दौरान दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जबकि पुलिस ने जवाब में लाठीचार्ज किया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है.
बताया जा रहा है कि गांव के लोग पिछले करीब दो महीनों से शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इसी बीच 10 अप्रैल को रास्ता रोको और रेल रोको आंदोलन करने की चेतावनी दी गई थी. इसे देखते हुए पुलिस टीम मुख्य आंदोलनकारी संतोष दोनोडे के घर पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की नोटिस देने पहुंची थी.
पुलिस पर किया पथराव
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मुताबिक, इसी दौरान संतोष दोनोडे ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की. इसके बाद जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची तो गांव के लोगों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
मुख्य आंदोलनकारी गिरफ्तार
वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आंदोलनकारी संतोष दोनोडे समेत दो अन्य महिलाओं को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद किंडगीपार गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. गांव में भय का वातावरण बना हुआ है. वहीं ग्रामीणों ने 10 अप्रैल को बड़े आंदोलन की चेतावनी दोहराई है.