Greater Noida: शिक्षिका का पीछा कर रहा था मनचला, 1090 की मदद से पहुंचा जेल

ग्रेटर नोएडा में महिला टीचर का पीछा करने वाला आरोपी अंकुश राय गिरफ्तार। पीड़िता ने 1090 पर कॉल कर मांगी थी मदद। कासना पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर की कार्रवाई।

दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में शिक्षिका के साथ लगातार हो रही छेड़छाड़ और पीछा करने की घटना ने उस समय नया मोड़ लिया, जब पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर कॉल की. सूचना मिलते ही डायल 1090 की टीम तुरंत एक्टिव हो गई. इसके बाद पुलिस की टीम ने मनचले को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है. पुलिस और महिला हेल्पलाइन टीम की संयुक्त कार्रवाई से शिक्षिका काफी खुश नजर आ रही है.

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा की कासना थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका का एक मनचला युवक पिछले 20 दिनों से पीछा कर रहा था. आरोपी युवक रोजाना स्कूल के बाहर खड़ा रहता था और छुट्टी के बाद शिक्षिका का पीछा करता था और कई बार उसने बात करने की भी कोशिश की, लेकिन शिक्षिका ने उसे हर बार नजरअंदाज किया. बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.

महिला हेल्पलाइन से मिली मदद

शिक्षिका की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही थी. एक दिन जब आरोपी फिर से महिला टीचर का पीछा कर रहा था, तभी उसे महिला हेल्पलाइन के बारे में याद आया. बिना देर किए उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1090 पर फोन कर मदद की मांग की. जानकारी मिलते ही महिला हेल्पलाइन टीम और स्थानीय पुलिस एक्टिव हो गई. 1090 पर मिली शिकायत पर तेजी से कार्रवाई करते हुए कासना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिक्षिका के बयान पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी को भेजा गया जेल

जांच में आरोपी की पहचान अंकुश राय के रूप में हुई है, जो कि दलेलगढ़ गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर कोई भी महिला परेशानी सहन न करें, वह बिना डरे महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत कर सकती हैं. मामले की जानकारी देते हुए कासना थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया की शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को जेल भेज दिया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.