Bhiwani News: नगर परिषद ने खरीदी स्काई लिफ्ट मशीन, अब आसान होगी पेड़ों की छंटाई

भिवानी नगर परिषद ने शहर के लिए खरीदी आधुनिक 'ट्री ट्रिम कम स्काई लिफ्ट' मशीन। 74 हजार स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और पेड़ों की कटाई अब होगी सुरक्षित और आसान।

भिवानी। नगर परिषद शहर में सफाई के साथ-साथ अब पेड़ों की कटाई-छंटाई का जिम्मा भी उठाएगी। इसके लिए ट्री ट्रिम कम स्काई लिफ्ट (चेरी पिकर/बूम लिफ्ट) मशीन खरीदी है जिसके जरिए पेड़ों की टहनियों की कटिंग के साथ स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत भी आसानी से की जा सकेगी। अभी यह कार्य बिजली निगम करता है लेकिन केवल हाईटेंशन लाइनों के बीच आने वाले पेड़ों की छंटाई ही की जाती है।

नगर परिषद की सीमा में 34 से अधिक बड़े पार्क और कॉलोनियों की ग्रीन बेल्ट का रखरखाव किया जा रहा है। शहर के मुख्य मार्गों पर पेड़ों की टहनियों के कारण स्ट्रीट लाइटों की रोशनी बाधित हो रही थी जिसे अब नई मशीन के जरिए ठीक किया जा सकेगा नगर परिषद कर्मचारियों को मशीन के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है। मशीन की विशेषता यह है कि शहर के किसी भी हिस्से में आसानी से पहुंचाई जा सकती है और ऊंचाई पर सुरक्षित व भरोसेमंद तरीके से कार्य करने में सक्षम है। अब तक इस तरह की मशीनों का उपयोग बिजली निगम हाईटेंशन लाइनों की मरम्मत और टहनियों की कटिंग में करता रहा है।

नगर परिषद के 74 हजार प्वाइंट कर रहे शहर को जगमग
नगर परिषद क्षेत्र में करीब 74 हजार स्ट्रीट लाइट प्वाइंट हैं जिनमें हाईमास्ट और सामान्य स्ट्रीट लाइटें शामिल हैं। इनसे पूरा शहर रोशन हो रहा है। इन लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी ठेकेदार के पास है जो अब तक क्रेन पर ट्रॉली लगाकर मरम्मत कार्य कराता रहा है। इसमें जोखिम बना रहता है। नई मशीन से जोखिम की आशंका काफी कम हो जाएगी।

क्या है ट्री ट्रिम कम स्काई लिफ्ट मशीन
ट्री ट्रिम कम स्काई लिफ्ट मशीन का उपयोग पेड़ों की छंटाई और कटाई के लिए किया जाता है। यह 7 से 24 मीटर तक की ऊंचाई तक आसानी से पहुंच सकती है। इसका वजन सामान्यत: 150 से 200 किलोग्राम होना है। इसमें ऑपरेटर के लिए टोकरी या प्लेटफॉर्म होता है। इस पर खड़े होकर ऊंचाई पर सुरक्षित तरीके से कार्य किया जा सकता है। यह मशीन किसी भी दिशा में आसानी से घुमाई जा सकती है।

नगर परिषद ने ढांचागत सुविधाओं में विस्तार किया है। इसी के तहत नई जेसीबी, स्वीपिंग मशीन के अलावा हाईड्रोलिक लिफ्ट मशीन खरीदी है। इस मशीन का प्रयोग काफी ऊंचाई पर स्ट्रीट लाइटें ठीक करने के अलावा पेड़ों की छंटाई में किया जाएगा। नगर परिषद कर्मचारियों को कई बार जोखिम भरी जगहों पर काम के दौरान काफी दिक्कतें आती हैं लेकिन इस मशीन के जरिए यह काम आसान हो जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.