Rewa News: छात्र से पंखा झलवा रही थीं हेडमास्टर, गाना सुनते वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के रीवा में शिक्षा व्यवस्था शर्मसार! शासकीय स्कूल की हेडमास्टर वर्षा मांझी छात्र से पंखा झलवाती और गाना सुनती आईं नजर। वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू।

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सरकारी स्कूल में महिला हेडमास्टर कान में ईयरफोन लगाए बड़े आराम से गाना सुन रही हैं, जबकि उनके बगल में खड़ा एक छात्र हाथ वाला पंखा हंकाता नजर आ रहा है. इसका वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं कि ऐसे में छात्रों का भविष्य क्या होगा?

शिक्षा व्यवस्था को शर्मशार कर देने वाला यह मामला रीवा जिले के त्योंथर विधानसभा के शासकीय माध्यमिक शाला पनासी का है, जहां महिला हेडमास्टर वर्षा मांझी एक छात्र से पंखा हंकवाती नजर आईं. इस मामले का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि महिला हेडमास्टर पढ़ाने के बजाय कान में ईयरफोन लगाए हुए हैं और बड़े आराम से कुर्सी में बैठी हुई हैं. वहीं छात्र हाथ वाला पंखा से हवा कर रहा है.

वायरल वीडियो की हो रही है जांच

इस वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिया है कि जब स्कूल के जिम्मेदारों का ही यह हाल है तो बाकी शिक्षकों का क्या होगा? इनके हाथों में बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी है, जिसके लिए इन्हें मोटी सैलरी भी मिलती है, लेकिन ये बच्चों को पढ़ाने के बजाय बच्चों से इस तरह का काम कराते हैं. ऐसे में बच्चों का भविष्य क्या होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. हालांकि इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच कराई जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.