UP News: महापुरुषों की मूर्तियों की सुरक्षा के लिए योगी सरकार का बड़ा बजट, NDA की जीत का दावा

योगी सरकार का ऐतिहासिक फैसला: महापुरुषों की मूर्तियों के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा के लिए प्रति विधानसभा ₹1 करोड़ का बजट। प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने विपक्ष को भी घेरा।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महापुरुषों के सम्मान और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसको लेकर मुरादाबाद जिले के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि कैबिनेट बैठक में डॉ. बी.आर. अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की सार्वजनिक प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा के लिए भारी बजट को मंजूरी दी गई है.

अक्सर असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्तियों को खंडित करने से उपजे विवाद और बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए अब इन स्थलों पर बाउंड्री वॉल और छज्जे का निर्माण कराया जाएगा, इस योजना के प्रथम चरण में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. मंत्री अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि इस कदम से न केवल दलित और बहुजन महापुरुषों का सम्मान सुरक्षित होगा, बल्कि प्रदेश में आपसी भाईचारा भी बना रहेगा. अनिल कुमार ने इसे 9 वर्षों से जारी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया.

​विपक्ष पर हमला और NDA की मजबूती

​प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा सांसद रुचि वीरा के पास अब जनता को बताने के लिए कुछ शेष नहीं है, इसलिए वे केवल बयानबाजी कर रही हैं. उन्होंने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को भ्रमित करने वाला बताया और कहा कि जनता 2012 से 2017 के बीच के कुशासन को भूली नहीं है.

मंत्री ने दावा किया कि असम और पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश में NDA गठबंधन अत्यंत मजबूत स्थिति में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों के दम पर आगामी चुनावों में गठबंधन ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा, क्योंकि देश की जनता अब केवल विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति पर विश्वास कर रही है.

‘300 से अधिक सीटें जीतेगा NDA’

मंत्री ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि 2017 के बाद से प्रदेश में कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं. इसी का परिणाम है कि जनता ने दोबारा बीजेपी पर भरोसा जताया. अनिल कुमार ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि NDA 300 से अधिक सीटें जीतकर पुनः सरकार बनाएगी. सरकार का मुख्य लक्ष्य समाज के सभी वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और महापुरुषों की विरासत को सहेजना है. अनिल कुमार ने विश्वास जताया कि ऐतिहासिक जनसमर्थन के साथ उत्तर प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.