Punjab Election 2027: पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस का महा-सर्वे, 50% टिकट युवाओं को देने की तैयारी

पंजाब फतह के लिए कांग्रेस का 'प्लान 2027': सुनील कोनोगोलु करेंगे सीटों का सर्वे। A, B और C कैटेगरी में बांटी गईं 117 सीटें। 50% टिकट युवाओं को देने पर फोकस।

देश के 5 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में हो रहे चुनाव के बीच राजनीतिक दल अगले साल कई राज्यों में होने वाले चुनावी तैयारियों में लग गए हैं. पंजाब भी उन राज्यों में है जहां अगले साल चुनाव कराए जाने हैं. कांग्रेस पार्टी भी पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए उम्मीदवारों के चयन को लेकर खास योजना तैयार कर रही है. इसके तहत जल्द ही व्यापक सर्वे शुरू कराया जाएगा, जिसमें सीटों को 3 अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है.

सूत्रों के हवाले से खबर है कि सर्वे की जिम्मेदारी पार्टी के चुनावी रणनीतिकार सुनील कोनोगोलु और प्राइवेट एजेंसी को दी गई है, जिससे किसी एक जगह मोनोपोली न बन सके. यह सर्वे 2 स्तरों पर कराया जाएगा. एक तरफ पार्टी प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष मिलकर एक निजी एजेंसी के जरिए फीडबैक जुटाएंगे, वहीं दूसरी ओर, सुनील कोनोगोलु की टीम भी पहले से पंजाब में सक्रिय है, जो हर विधानसभा सीट की रिपोर्ट सीधे पार्टी आलाकमान तक पहुंचाएगी.

सर्वे के लिए पार्टी की A B और C कैटेगरी

पूरे सर्वे का फोकस 3 तरह की सीटों पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने पर रहेगा. पहला, A कैटेगरी के तहत 50 से 60 ऐसी सीटें रखी गई है, जहां कांग्रेस खुद को मजबूत स्थिति में मान रही है. इन सीटों पर उम्मीदवार तय करना अपेक्षाकृत आसान होगा, हालांकि सर्वे के साथ-साथ जिलाध्यक्षों की राय भी ली जाएगी.

युवा चेहरों पर फोकस कर सकती है कांग्रेस

B कैटेगरी के तहत उस सीटों को शामिल किया जाएगा, जहां पिछले चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन ठीक ठाक रहा है, लेकिन उसे जीत नहीं मिल सकी. सर्वे के जरिए इन सीटों पर खास तौर पर यह समझने की कोशिश होगी कि आखिर यहां पर जीत के लिए किस तरह की बाधा सामने आई. इसी तरह C कैटेगरी के तहत, ऐसी सीटें जहां कांग्रेस लगातार कमजोर रही है. यहां पार्टी नए और युवा चेहरों को मौका दे सकती है.

सूत्रों के मुताबिक, इस बार कांग्रेस पंजाब चुनाव में करीब 50 फीसदी टिकट 50 साल या उससे कम उम्र के उम्मीदवारों को देने की तैयारी में है. पार्टी की ओर से इस तरह का फैसला हरियाणा चुनाव से सबक के तौर पर भी देखा जा रहा है, जहां टिकट बंटवारे में नेता जिताऊ प्रत्याशी की जगह अपने समर्थकों को उम्मीदवारी दिलाने में जुटे थे और इसी गुटबाज़ी की वजह से मामूली अंतर से पार्टी सत्ता से दूर रह गई थी.

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में 117 सीटों वाले विधानसभा के लिए चुनाव कराए जाने हैं. अभी यहां पर आम आदमी पार्टी की सरकार है और भगवंत मान राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.